सोना चांदी में बड़ी गिरावट ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता, गोल्ड 4801 रुपए गिरा, सफेद धातु डेढ़ लाख से नीचे
Gold Silver Rates : सोना-चांदी की भारी गिरावट ने निवेशकों और ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। सोने के दाम लगातार तेजी से कम हो रहे हैं तो चांदी की कीमत घटकर डेढ़ लाख से कम हो गई।
भारतीय कमोडिटी बाजार (MCX) पर दोपहर 12:19 बजे सोना 4801 रुपए की गिरावट के साथ 122651 रुपए प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी 7632 रुपए की गिरावट के साथ 149850 रुपए प्रति किलो हो गई।
गुड रिटर्न्स डॉट कॉम के अनुसार, आज देश में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 1,25,570 रुपए थे। 22 कैरेट सोने के दाम 1,15,100 रुपए प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट गोल्ड के दाम 94,180 रुपए प्रति 10 ग्राम है। देश के सराफा बाजार में चांदी की कीमत 1,75,000 रुपए प्रति किलो हैं।ALSO READ: Gold Rate : क्या 1 लाख रुपए से नीचे आ जाएगा सोना? कीमतों में गिरावट से निवेशकों की बढ़ी चिंता, भारतीय खरीदारों के लिए क्यों है राहत?
सोने की कीमतों में इस गिरावट से जहां दुनियाभर के निवेशकों और गोल्ड में मुनाफे के लिए निवेश करने वालों की चिंता बढ़ी है, वहीं भारतीय खरीदारों को कुछ राहत मिली है। कीमतें कम होने के बाद भारत में सोने की मांग में भी बढ़ोतरी देखी गई है।
क्यों गिर रहा है सोना?
अमेरिकी डॉलर में मजबूती: डॉलर लगभग 19 महीने के उच्च स्तर के आसपास पहुंचने से सोने-चांदी पर दबाव बढ़ा है।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें: अमेरिका में महंगाई की चिंता के कारण ब्याज दरें बढ़ने की आशंका मजबूत हुई है। इससे सोने में निवेश का आकर्षण कम हो रहा है।
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी: अमेरिकी सरकारी बॉन्ड पर लगभग 5% के आसपास मिल रहा रिटर्न निवेशकों को सोने से पैसा निकालकर दूसरे निवेश विकल्पों की ओर आकर्षित कर रहा है।
वैश्विक बाजारों में बिकवाली: शेयर बाजारों, विशेषकर टेक्नोलॉजी और AI सेक्टर में गिरावट के कारण बड़े निवेशक अपनी पोजीशन से पैसा निकाल रहे हैं। इसका असर कमोडिटी बाजार पर भी पड़ रहा है।
चीन और औद्योगिक मांग की चिंता: चांदी, तांबा, एल्युमिनियम और अन्य बेस मेटल्स की औद्योगिक मांग को लेकर आशंकाएं बढ़ रही हैं। इससे पूरे मेटल सेक्टर पर दबाव बना हुआ है। ALSO READ: Gold Price : सस्ता हुआ सोना, 10 दिन में 10000 रुपए टूटा, क्या अभी खरीदना सही या और गिरेंगे दाम?
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
विशेषज्ञों का कहना है कि घबराहट में जल्दबाजी से खरीदारी या बिकवाली न करें। बाजार में उतार-चढ़ाव बहुत अधिक है। बिना जोखिम समझे बड़ी पोजीशन या उधार लेकर निवेश करने से बचें। सोना-चांदी के बाजार में तेजी जितनी तेजी से आती है, गिरावट भी उतनी ही तेज हो सकती है।
क्या सोने का भाव 1 लाख रुपये से नीचे जाएगा?
सोने की कीमतों में हालिया गिरावट के बीच खरीदारों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ सकता है? हालांकि फिलहाल इस संबंध में कयास लगाना जल्दबाजी हो सकती है।

