दाहोद में भूपेंद्र पटेल का नया अंदाज: फर्राटेदार हिंदी में भाषण दे चौंकाया, पीएम मोदी के बड़े विजन की सराहना की
अपनी शांत और सहज कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का एक अलग ही रूप दाहोद में देखने को मिला। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के मौके पर तीन दिवसीय (72 घंटे) दाहोद दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने गुजराती के बजाय साफ और फर्राटेदार हिंदी में संबोधित कर सभी को हैरान कर दिया।
उनके इस आत्मविश्वास भरे संबोधन को उन धारणाओं के जवाब के रूप में देखा जा रहा है, जिनमें यह कहा जाता था कि वे हिंदी बोलने में सहज नहीं हैं। हाल ही में अभिनेत्री जूही चावला ने भी उनकी सादगी की तारीफ की थी।
तीन दिवसीय आदिवासी दौरा और जमीनी जुड़ाव
अपने दाहोद प्रवास को लेकर समाचार एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बताया कि वे तीन दिनों तक आदिवासी अंचल के दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान लोगों, बच्चों और बहनों से मिलना हुआ, उनके घर जाना हुआ। सीमावर्ती गांवों और पहाड़ी क्षेत्र के गांवों में भी आज सुबह जाकर आया। वहां भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हुए थे और सबसे मिलना हुआ।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों के चेहरों पर खुशी व उत्साह देखना संतोषजनक है, क्योंकि सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
पीएम मोदी की तारीफ और विश्व बैंक रिपोर्ट का उल्लेख
दाहोद के कार्यक्रम में भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी छोटे लक्ष्यों के बजाय हमेशा बड़े विजन और बड़े लक्ष्य तय करते हैं। उन्होंने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि देश में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, जो दूरदराज के इलाकों तक योजनाओं की पहुंच और लोगों की प्रगति को दर्शाता है।

