करवा चौथ का व्रत क्यों और कैसे रखा जाता है? जानें पूजा विधि, जरूरी नियम और चंद्रोदय का समय
Karwa Chauth 2026: करवा चौथ का व्रत हिंदू धर्म में सुहागिन महिलाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह व्रत हिंदू मास कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस बार यह व्रत 29 अक्टूबर 2026 गुरुवार के दिन रखा जाएगा। चलिए जानते हैं कि करवा चौथ का व्रत क्यों रखा जाता है, कैसे रखते है, क्या नियम है, चांद कब निकलेगा?
1. करवा चौथ का व्रत क्यों रखा जाता है?
यह व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सुखी दांपत्य जीवन की कामना के लिए रखती हैं। मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती, भगवान शिव, गणेश जी और करवा माता की पूजा करने से अखंड सौभाग्य का वरदान मिलता है।
2. करवा चौथ का व्रत कैसे रखते हैं?
सरगी ग्रहण करना: सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें और सास द्वारा दी गई सरगी (फल, मिठाई, ड्राइ फ्रूट आदि) खाएं। इसके बाद व्रत का संकल्प लिया जाता है।
निर्जला व्रत: यह व्रत पूरी तरह से निर्जला (बिना अन्न और जल के) रखा जाता है।
शाम की पूजा: शाम को 16 श्रृंगार करके महिलाएं एक साथ बैठकर करवा चौथ की कथा सुनती हैं और करवा माता की पूजा करती हैं।
चंद्र दर्शन: चांद निकलने के बाद छलनी से चांद और फिर पति को देखा जाता है।
अर्घ्य और पारण: चंद्र दर्शन के बाद चंद्रदेव को जल (अर्घ्य) अर्पित करके पति के हाथों जल पीकर व्रत खोला जाता है।
3. करवा चौथ के नियम:
देर तक सोने से बचें: व्रत के दिन सूर्योदय के बाद देर तक नहीं सोना चाहिए।
वाणी पर संयम रखें: किसी भी व्यक्ति के प्रति अपशब्दों का प्रयोग न करें और न ही किसी से झूठ बोलें।
श्रृंगार का सामान शेयर न करें: अपनी उपयोग की हुई सुहाग या श्रृंगार की वस्तुएं किसी अन्य को न दें।
काले कपड़ों से परहेज: पूजा या व्रत के दौरान काले या भूरे रंग के वस्त्र पहनने से बचें। लाल, पीले या गुलाबी रंग के कपड़े पहनना शुभ माना जाता है।
आपसी कलह न करें: इस पावन दिन पति-पत्नी को आपस में विवाद या झगड़ा बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
सात्विक भोजन ही लें: रात को व्रत खोलने (पारण) के बाद भी तामसिक भोजन या मदिरा का सेवन न करें, केवल सात्विक आहार ही लें।
4. 29 अक्टूबर 2026 को चांद कब निकलेगा?
वर्ष 2026 में करवा चौथ 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को मनाया जा रहा है।
प्रमुख शहरों में अनुमानित चंद्रोदय समय (Moonrise Time):
दिल्ली/एनसीआर: रात 8:17 बजे
मुंबई: रात 9:00 बजे
कोलकाता: रात 7:47 बजे
जयपुर: रात 8:28 बजे
लखनऊ: रात 8:06 बजे
इन्दौर: रात 8:39 बजे
(नोट: आपके शहर के मौसम और स्थान के अनुसार चांद दिखने के समय में 5-10 मिनट का अंतर हो सकता है।)

