मध्यप्रदेश के नए DGP की रेस में तीन नाम, UPSC ने वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम भेजे
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के नए मुखिया की नियुक्ति का काउंटडाउन शुरु हो गया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की एम्पैनलमेंट कमेटी ने मध्यप्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (DGP)के चयन के लिए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल तय कर दिया है। पैनल में वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।
दिल्ली में शुक्रवार को हुई अहम बैठक में इन तीनों अधिकारियों के नामों पर मुहर लगाई गई। इसके साथ ही मध्यप्रदेश के नए डीजीपी की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। अब राज्य सरकार को इन तीन नामों में से किसी एक अधिकारी का चयन कर प्रदेश के पुलिस मुखिया की जिम्मेदारी सौंपनी है।
पैनल में ये तीन नाम शामिल-यूपीएससी की कमेटी की ओर से तैयार किए गए पैनल में वरिष्ठता क्रम के अनुसार तीन नाम शामिल हैं। 1991 बैच के आईपीएस अधिकारीवरुण कपूर वर्तमान में जेल विभाग में महानिदेशक के पद पर पदस्थ हैं। वरिष्ठता सूची में उनका नाम सबसे ऊपर है। वहीं उपेंद्र जैनवर्तमान में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) के महानिदेशक हैं। आर्थिक अपराधों की जांच और पुलिस प्रशासन से जुड़े अनुभव के चलते उनका नाम रेस में सबसे आगे है। वहीं प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव वर्तमान में होमगार्ड की महानिदेशक हैं। यदि उनके नाम पर अंतिम मुहर लगती है तो मध्यप्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल सकती हैं।
यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी द्वारा तीन नामों का पैनल तैयार किए जाने के बाद अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन तीन अधिकारियों में से किसी एक के नाम पर अंतिम निर्णय लेंगे। इसके बाद गृह विभाग की ओर से नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया जाएगा।
1 दिसंबर से नए डीजीपी संभालेंगे कमान- वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाणा 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में नए डीजीपी के 1 दिसंबर से कार्यभार संभालने की संभावना है। अब निगाहें मुख्यमंत्री के फैसले पर टिकी हैं कि मध्यप्रदेश पुलिस की कमान वरुण कपूर, उपेंद्र जैन या प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव में से किसे सौंपी जाती है।

