MMDR एक्ट विवाद: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में संकल्प प्रस्ताव पारित
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान केंद्र सरकार के संशोधित माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) यानी MMDR अधिनियम के खिलाफ राजकीय संकल्प प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सत्र के दूसरे दिन यह प्रस्ताव पेश करते हुए केंद्र से इस कानून को वापस लेने की मांग की। विपक्ष के कड़े विरोध और बहिष्कार के बीच सदन में यह प्रस्ताव पास हो गया।
सालाना 13,000 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका
सदन में अपनी बात रखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि संसद द्वारा पारित MMDR एक्ट के नए संशोधनों से झारखंड को हर साल करीब 13,000 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने चेताया कि राजस्व में इस बड़ी कमी का सीधा असर राज्य में चल रही कई जन-कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा।
सीएम सोरेन ने कहा कि भले ही झारखंड खनिज संसाधनों के मामले में समृद्ध हो, लेकिन खनन गतिविधियों का सबसे ज्यादा बोझ और दुष्परिणाम यहां की स्थानीय आबादी को झेलना पड़ता है।
सदन में गरमाई बहस, भाजपा और आजसू का बहिष्कार
प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विपक्षी दलों ने सरकार के दावों को खारिज करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड के किसी भी अधिकार में कटौती नहीं की है। विपक्ष का तर्क था कि राज्य के पास पर्याप्त खनिज संपदा और संसाधन मौजूद हैं, लेकिन उनका सही ढंग से उपयोग नहीं किया जा रहा है। बहस के दौरान असहमति जताते हुए भाजपा और आजसू के विधायकों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।

