हीरानगरी की नई पहचान: एयरपोर्ट को भी टक्कर देगा सूरत का तीन मंजिला बुलेट ट्रेन स्टेशन, जानें खासियतें
हीरानगरी सूरत की अनूठी पहचान को ध्यान में रखते हुए नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) द्वारा बुलेट ट्रेन स्टेशन को 'डायमंड थीम' पर तैयार किया जा रहा है। देश में अगले साल से बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारियों के बीच इस स्टेशन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आधुनिक तकनीक, एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला के साथ यह स्टेशन सूरत के विकास में एक नया मील का पत्थर साबित होगा। ALSO READ: वडोदरा में 12 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनेगा अनोखा क्रोकोडाइल ब्रिज, डिजाइन तैयार, जानें खूबियां
तीन मंजिला स्मार्ट ढांचा
यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए तीन मंजिला स्टेशन तैयार किया जा रहा है, जिसमें ग्राउंड लेवल पर पार्किंग के साथ-साथ पिक-अप और ड्रॉप की सुविधा रहेगी। कॉनकोर्स लेवल पर टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज और दुकानें बनाई जा रही हैं, जबकि सबसे ऊपरी प्लेटफॉर्म लेवल से बुलेट ट्रेन पकड़ी जा सकेगी। मंजिलों के बीच तेज और सुरक्षित आवाजाही के लिए बड़ी संख्या में लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यवस्था की गई है।
एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं
यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव देने के लिए स्टेशन में बिजनेस क्लास लाउंज, छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों के लिए नर्सरी, आधुनिक वॉशरूम और स्वच्छ रिटेल आउटलेट्स तैयार किए जा रहे हैं। मार्गदर्शन के लिए डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, स्पष्ट साइनबोर्ड, इन्फॉर्मेशन कियोस्क और स्मार्ट पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए जा रहे हैं। इन सुविधाओं से ट्रेन के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी यात्रियों को तुरंत और आसानी से मिल सकेगी।
पर्यावरण अनुकूल योजना
स्टेशन को इको-फ्रेंडली बनाने के लिए छत और दीवारों पर विशेष स्काईलाइट्स लगाई गई हैं, ताकि दिन के समय प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा मिल सके तथा बिजली की बचत हो। वर्षा जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और परिसर में हरियाली बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण की भी योजना बनाई गई है। इस तरह आधुनिकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी महत्व दिया गया है।
मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी
बुलेट ट्रेन स्टेशन से शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचने के लिए मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन के तहत प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन, BRTS बस स्टॉप, रिक्शा स्टैंड और टैक्सी स्टैंड की सुविधा जोड़ी जा रही है। इससे लास्ट-माइल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
Surat Bullet Train Station is taking shape, blending smart technology with modern passenger amenities. #BulletTrain https://t.co/Vw98990qjY
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) November 26, 2026
सूरत-बिलिमोरा ट्रायल की उम्मीद
सूरत-बिलिमोरा खंड पर हाल ही में बिजली आपूर्ति शुरू होने से इस रूट पर जल्द ही बुलेट ट्रेन का ट्रायल शुरू होने की उम्मीद प्रबल हो गई है। अगले वर्ष से बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारियों के बीच सूरत स्टेशन का काम तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है।

