बिहार को PM मोदी की बड़ी सौगात, गंगा पर नीतीश सेतु का उद्घाटन, अब सफर होगा आसान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन राज्यों के दौरे पर हैं। पीएम मोदी पश्चिम बंगाल का दौरा करने के बाद बिहार का पहुंचे और फिर वह यूपी जाएंगे। पीएम मोदी ने बिहार के वैशाली जिले में नीतीश सेतु के साथ-साथ कई दूसरी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें सबसे खास नीतीश सेतु है, जिसे पीएम मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया। गंगा नदी पर बना नीतीश सेतु करीब 4280 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है।
यह एक एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज है जो 19.7 किलोमीटर लंबा है। यह पटना जिले में कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में बिदुपुर से जोड़ता है। इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इस पुल का नामकरण पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी।
जिस बिहार को दशकों तक बदहाली झेलनी पड़ी, उसे आदरणीय नीतीश जी सुशासन का नया भरोसा मिला। नीतीश जी ने इतने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की और नीतीश जी के आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में आज यहां भी हजारों करोड़ों की विकास परियोजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है।
मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा जहां भी होगी, वो अभी हम पर फूलों की वर्षा करती होगी क्योंकि उनके सपनों को भी हम साकार कर रहे हैं।" मोदी ने कहा, "मैं यहां सभी का आभार व्यक्त करता हूं। इतना विशाल जनसमुदाय विकास के प्रति जागृति जीता जागता उदाहरण है। लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। हमारी माता-बहनों ने कठिन वर्त करके परिवार, समाज और जगत के मंगल की कामना की है। अब छठी मइया के आर्शावाद से हम यहां विकास का पर्व मना रहे हैं।
बिहार की इस विकास की यात्रा में हम सबका साथ,सबका विकास का मंत्र लेकर आगे बढ़े हैं। हमें लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया है और इसलिए आज NDA की सरकार इस कार्यकाल का एक साल पूरा कर रही है तो इस आयोजन के लिए वैशाली को चुना गया है मैं इस अवसर पर वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं।

