1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2018
  3. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018
  4. Madhya Pradesh Assembly Elections 2018 Hiralal Alava

जयस के हीरालाल अलावा के बाद अब डॉ. आनंद राय भी इंदौर 5 से कांग्रेस के टिकट पर लड़ेंगे चुनाव!

Madhya Pradesh Assembly Elections 2018
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस इस बार सरकार बनाने के लिए कोई भी चूक नहीं करना चाहती। कांग्रेस ने अपनी उम्मीदवारों की जो पहली सूची जारी की है, उसमें आदिवासी वोटबैंक को साधने के लिए इस बार चुनावी मैदान में कूदने की तैयारी कर रही पार्टी जयस के संरक्षक हीरालाल अलावा को धार के मनावर से चुनावी मैदान में उतार दिया है।
 
हीरालाल अलावा को कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतारने के दांव को राजनीति के जानकार कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक मान रहे हैं। हाल के दिनों में आदिवासियों के बीच हीरालाल अलावा और उनके संगठन जयस ने काफी तेजी से पकड़ बनाई थी, वहीं जयस ने पिछले कई दिनों से शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
 
'वेबदुनिया' ने पहले ही अपनी खबर में इस बात को बताया था कि जयस के नेता कांग्रेस के समर्थन से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं, वहीं हीरालाल अलावा के बाद अब जयस के दूसरे बड़े नेता और पिछले काफी समय से सियासत में सक्रिय इंदौर के डॉ. आनंद राय का भी इंदौर 5 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
 
आनंद राय की कांग्रेस के बड़े नेताओं से नजदीकी है, वहीं वे पिछले कई दिनों से जनसंपर्क में जुटे हैं। आनंद राय ने बाकायदा लोगों से चुनाव लड़ने के बारे में पूछा है। व्यापमं मामले का खुलासा करने वाले व्हिसल ब्लोअर आनंद राय कांग्रेस आलाकमान राहुल गांधी सहित पार्टी के सभी बड़े नेताओं के सामने टिकट की दावेदारी कर चुके हैं, वहीं कांग्रेस से टिकट मिलने पर कोई आश्वासन न मिलने पर और गुटबाजी के चलते पिछले कुछ समय से आनंद राय जयस में काफी सक्रिय हो गए थे।
 
पिछले दिनों कुक्षी में हुए जयस के सम्मेलन में डॉ. आनंद राय की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण थी। कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में इंदौर 5 सीट पर नाम नहीं घोषित किया है। इस बीच इंदौर 5 से टिकट के दूसरे दावेदार पंकज संघवी को लेकर कई तरह की सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। ऐसे में सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस इंदौर 5 से डॉ. आनंद राय को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है और कांग्रेस की दूसरी लिस्ट में पार्टी आनंद के नाम का ऐलान कर सकती है।
लेखक के बारे में
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। .... और पढ़ें
अगला लेख
रहमान ने बॉयोग्राफी में खोले राज, 25 साल की उम्र में आते थे खुदकुशी के ख्याल