पहाड़ी और दूरदराज के गांवों में भी पहुंचा विकास, CM भूपेंद्र पटेल ने गिनाईं सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के सबसे दूरदराज के इलाकों तक भी कल्याणकारी और विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा है। पटेल ने दाहोद जिले के आदिवासी बहुल गरबाडा तालुका के गांवों का अपना तीन दिवसीय दौरा समाप्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदराज, अंदरूनी और पहाड़ी इलाकों में भी लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। पटेल ने कहा कि पिछले तीन दिनों के दौरान हमने देखा कि किस तरह सरकार और उसकी योजनाओं से इस क्षेत्र के लोगों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए इस क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए थे। उन्होंने वनबंधु कल्याण योजना की शुरुआत की थी और अब इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है।
पटेल ने कहा कि उन्होंने जनजातीय युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के अवसरों, सड़कों, स्वास्थ्य सेवाओं और गांवों में पेयजल सुविधाओं समेत बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए की गई योजनाओं को लेकर लोगों में संतोष देखा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत मकान, उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन, जल जीवन मिशन के तहत नल से जल, सड़कें और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं दूरदराज के गांवों और पहाड़ी इलाकों तक पहुंच गई हैं।

