1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तराखंड
  4. badrinath-winter-puja-narsingh-temple-joshimath-uttarakhand

दुनिया का इकलौता मंदिर जहां शांत रूप में पूजे जाते हैं भगवान नृसिंह; 6 महीने यहीं होंगे बद्रीनारायण के दर्शन, सीएम धामी की अपील

narsingh mandir joshimath
उत्तराखंड की पवित्र देवभूमि में इन दिनों शीतकालीन चारधाम यात्रा का विशेष महत्व है। हाल ही में 16 नवंबर को भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं, जिसके बाद भगवान बद्रीनारायण की उत्सव डोली और शीतकालीन पूजा के लिए चमोली जिले के जोशीमठ (ज्योतिर्मठ) पहुंच चुकी है। जोशीमठ में स्थित प्राचीन श्री नृसिंह मंदिर (नृसिंह बदरी) इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
 
सीएम धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि चमोली जनपद के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में स्थित प्राचीन एवं भव्य श्री नृसिंह मंदिर भगवान श्रीहरि विष्णु के नृसिंह अवतार को समर्पित एक पावन तीर्थस्थल है।

अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और आध्यात्मिक महत्ता के लिए प्रसिद्ध यह मंदिर श्री बदरीनाथ धाम की शीतकालीन पूजा परंपरा से भी विशेष जुड़ाव रखता है। देवभूमि उत्तराखंड की शीतकालीन यात्रा के दौरान इस दिव्य धाम के दर्शन कर आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य की अनुभूति अवश्य प्राप्त करें।

मंदिर से जुड़ी खास बातें और मान्यताएं:

दुनिया का इकलौता शांत स्वरूप: गंध मादन पर्वत पर स्थित यह 1200 साल पुराना मंदिर दुनिया का एकमात्र ऐसा स्थान माना जाता है, जहां भगवान नृसिंह की पूजा उनके 'शांत रूप' में की जाती है।
6 महीने यहीं होगी बदरीनाथ की पूजा: बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब अगले 6 महीनों तक भगवान बद्रीनारायण की शीतकालीन पूजा इसी नृसिंह मंदिर में संपन्न होगी।
अद्भुत प्रतिमा और स्वरूप: भगवान नृसिंह (सिर शेर का और धड़ मनुष्य का) की यहाँ लगभग 10 इंच की सजीव प्रतिमा स्थापित है। इस मंदिर में बद्रीनारायण, उद्धव और कुबेर की मूर्तियां भी मौजूद हैं।
आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी: इस पावन मंदिर परिसर में शीतकाल के दौरान आदि गुरु शंकराचार्य का गद्दी स्थल भी रहता है।
अधूरी है बदरीनाथ यात्रा: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जोशीमठ स्थित भगवान नृसिंह के दर्शन किए बिना बदरीनाथ धाम की यात्रा अधूरी मानी जाती है, इसलिए श्रद्धालु यहां आकर आशीर्वाद अवश्य लेते हैं।
अगला लेख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की मां चंबल की आरती, प्रदेश की निरंतर उन्नति, खुशहाली की कामना की