1. समाचार
  2. व्यापार
  3. शेयर बाजार
  4. share-market-weekly-wrap-sensex-nifty-falls

शेयर मार्केट में भारी उतार-चढ़ाव; 2 दिन लाल तो 2 दिन हरे निशान में रहा बाजार, कैसा रहेगा अगला हफ्ता?

share market review 28 november : market ki baat
Share Market Review 2026 : भारतीय शेयर बाजार के लिए नवंबर का आखिरी हफ्ता भारी उठापटक वाला रहा। 4 कारोबारी दिनों वाले इस हफ्ते में बाजार 2 दिन लाल तो 2 दिन हरे निशान में रहा। सेंसेक्स में 581 अंकों की गिरावट आई तो निफ्टी भी 193 अंक गिर गया। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा अगला सप्ताह?
 

कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल?

हफ्ते के पहले दिन सोमवार को सेंसेक्स 1484 अंकों की भारी गिरावट के साथ 82436 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 451 अंक फिसलकर 25350 पर था। मंगलवार को गुरुनानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहे। बुधवार को सेंसेक्स 1502 अंक चढ़कर 83938 पर था वहीं निफ्टी भी 470 अंकों की बढ़त के साथ 25819 पर आ गया।
 
गुरुवार को सेंसेक्स 390 अंक बढ़कर 84329 पर था वहीं निफ्टी भी 65 अंक बढ़कर 25885 पर आ गया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 989 अंक गिरकर 83339 पर था वहीं निफ्टी भी 277 अंकों की गिरावट के साथ 25607 पर आ गया।
 

इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल

पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के कारण सप्लाई को लेकर चिंता गहराई, जिससे ब्रेंट क्रूड ऑयल 97 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। कच्चे तेल में इस तेज उछाल ने महंगाई बढ़ने की आशंका को हवा दी। भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले फिसलकर 92.98 के रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब बंद हुआ।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के कारण वैश्विक वॉल्यूम सीमित रहा। इस हफ्ते बैंकिंग, आईटी और मेटल शेयरों में मुनाफावसूली हुई। तमाम नकारात्मक खबरों के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय बाजार में खरीदारी जारी रखी। इससे बाजार की बड़ी गिरावट पर कुछ हद तक अंकुश लगा।
 

4 दिसंबर से होगी मौद्रिक नीति समिति की बैठक

आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की बैठक 2 से 4 दिसंबर के बीच होनी है। इसमें नीतिगत ब्याज दर पर फैसला किया जाएगा। निवेशकों की नजरें फेडरल रिजर्व की दिसंबर के दूसरे हफ्ते में होने वाली बैठक पर भी लगी हुई है। 
 

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

शेयर बाजार विशेषज्ञ योगेश बागौरा के अनुसार, इस हफ्ते बाजार में FII ने भारी लेवाली की और DII ने मौके का फायदा उठाकर जमकर मुनाफा वसूली की। इस वजह से बाजार फ्लैट टू नेगेटिव रहे। उन्होंने कहा कि महंगाई दर 6 फीसदी से ज्यादा है और रिजर्व बैंक की टॉलरेंस सीमा 6 फीसदी बनी हुई है। ऐसे में अगले हफ्ते रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति में 25 पैसे ब्याज दर बढ़ने की संभावना 85 फीसदी और 50 पैसे ब्याज दर बढ़ने की संभावना 50 फीसदी है।
 
बागौरा ने कहा कि इस FII की दिलचस्पी शेयरों के बजाए इंडेक्स में ज्यादा नजर आ रही है। उन्होंने बैंक निफ्टी और निफ्टी फ्यूचर में जमकर निवेश किया है। अगर अगले हफ्ते बाजार में मुनाफा वसूली होती है तो निफ्टी 24800 से 25000 तक आ सकता है। ऊपर में 26100 से 26200 पर मजबूत रेजिस्टेंस है। इससे ऊपर क्लोजिंग की स्थिति में नई तेजी की संभावना है।
 
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।
लेखक के बारे में
नृपेंद्र गुप्ता
नृपेंद्र गुप्ता पिछले 21 वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम में सहायक संपादक के रूप में कार्यरत हैं।   अनुभव : नृपेंद्र गुप्ता 2 दशक से ज्यादा समय से प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में कार्य.... और पढ़ें
अगला लेख
परिसीमन बिल पर मोदी सरकार के मास्टस्ट्रोक से बिखर गया राहुल की अगुवाई वाला INDIA गठबंधन?