1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राज्य
  4. yamuna-expressway-double-decker-bus-fire-40-passengers-saved-mathura

यमुना एक्सप्रेस-वे पर MP की डबल डेकर बस बनी आग का गोला, ड्राइवर की सूझबूझ से बची 40 यात्रियों की जान

Mathura Bus fire
Yamuna Expressway bus fire: ​मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आगरा से दिल्ली की ओर जा रही एक डबल डेकर बस (MP14 ZH5063) में रात करीब 1:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और यात्रियों में हड़कंप मच गया।

​ड्राइवर की मुस्तैदी ने बचाई 40 जिंदगियां

चलती बस में आग की लपटें उठती देख चालक ने घबराने के बजाय गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने तत्काल बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा किया और खुद उतरकर सो रहे यात्रियों को जगाया व फौरन नीचे उतारा। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद डायल 112 पर पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

​दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

अग्निशमन विभाग के अधिकारी किशन लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वहीं, सीओ महावन संजीव कुमार राय ने पुष्टि की कि बस आगरा से दिल्ली के छतरपुर जा रही थी। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन यात्रियों का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
 
​उल्लेखनीय है कि भारत में पिछले एक दशक के दौरान चलती बसों में आग लगने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने यात्री सुरक्षा के मानकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सरकारी रिपोर्टों के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में स्लीपर और यात्री बसों में आग लगने से 100 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। राज्यसभा में पेश आंकड़ों के मुताबिक, महज तीन साल के भीतर बसों में आग की 45 घटनाओं में 64 लोगों की मौत दर्ज की गई। 

​हादसों के मुख्य कारण

विशेषज्ञों और जांच रिपोर्टों के अनुसार, इन घटनाओं के पीछे शॉर्ट सर्किट, वाहनों में अनाधिकृत बदलाव, अतिरिक्त बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल, इंजन में फायर सप्रेशन सिस्टम का अभाव और टक्कर के बाद आपातकालीन निकास का जाम होना प्रमुख वजहें हैं।

​विगत वर्षों के प्रमुख बस अग्निकांड

  • 14 नवंबर 2026 (मथुरा, उ.प्र.) : यमुना एक्सप्रेस-वे पर शॉर्ट सर्किट से स्लीपर बस में आग; चालक की सतर्कता से 40 यात्री सुरक्षित।
  • अक्टूबर 2025 (जैसलमेर-जोधपुर) : थायात गांव के पास एसी स्लीपर बस में भीषण आग लगने से करीब 20 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत।
  • अक्टूबर 2025 (करनूल, आंध्र प्रदेश) : हैदराबाद-बेंगलुरु रूट पर निजी स्लीपर बस की टक्कर के बाद लगी आग में 19 से 25 यात्रियों की मौत।
  • जुलाई 2023 (बुलढाणा, महाराष्ट्र) : नागपुर-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर डिवाइडर से टकराने के बाद बस में आग; 3 बच्चों समेत 25 लोगों की मौत।
  • अक्टूबर 2022 (नासिक, महाराष्ट्र) : बस में आग लगने की गंभीर दुर्घटना में कई यात्री हताहत हुए।
  • 2013 (हावेरी और महबूबनगर) : इन दो बड़े हादसों में भारी जनहानि के बाद ही देश में बस बॉडी कोड (AIS 119) में बड़े बदलाव किए गए थे।

सुरक्षा को लेकर सरकार के सख्त कदम

​लगातार हो रहे हादसों पर लगाम कसने के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने नियमों को सख्त किया है-
  • ​मानकों में संशोधन : स्लीपर बसों के निर्माण और सुरक्षा मानकों (AIS 119) में कड़े बदलाव लागू किए गए हैं। 
  • ​अनिवार्य सुरक्षा उपकरण : प्रत्येक बस में 10 किलो क्षमता के दो अग्निशामक यंत्र (ड्राइवर और यात्री केबिन में) तथा लंबाई के अनुरूप 4 या अधिक आपातकालीन निकास द्वार (Emergency Exits) अनिवार्य किए गए हैं।
  • ​ऑटोमैटिक फायर सिस्टम : बसों के इंजन में ऑटोमैटिक फायर डिटेक्शन और सप्रेशन सिस्टम लगाना अनिवार्य है, साथ ही नॉन-ओईएम (Non-OEM) बस बॉडी बिल्डरों पर भी शिकंजा कसा गया है।
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। .... और पढ़ें
अगला लेख
शेयर बाजार में फ्लेट टू पॉजिटिव, महंगाई और प्रॉफिट बुकिंग के बीच घिरे निवेशक; जानें अगले हफ्ते कैसी रहेगी चाल?