राजस्थान निकाय चुनाव, चोमू में भाजपा की जीत के लिए सिक्किम में प्रार्थना
राजस्थान निकाय चुनावों में भाजपा की जीत और चोमू नगर परिषद में पार्टी का बोर्ड बनने के लिए पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम तक में दुआओं का दौर जारी है। जयपुर जिले के चोमू निवासी के और वर्तमान में सिक्किम की राजधानी गैंगटोक में कार्यरत प्रोफेसर रमेश कुमार रावत ने भाजपा की जीत के लिए पवित्र धार्मिक स्थलों पर विशेष प्रार्थना की है।
दुसाद की जीत के लिए कामना : प्रोफेसर रावत ने गैंगटोक स्थित गणेश टोक, हनुमान टोक तथा भारत-चीन सीमा (नाथूला) के पास स्थित प्रसिद्ध बाबा हरभजन सिंह मंदिर में मत्था टेका। उन्होंने चोमू नगर परिषद में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने और वार्ड 22 से पार्टी के प्रत्याशी आशीष दुसाद की जीत के साथ उनके सभापति बनने की कामना की है।
नगर परिषद बनने से पहले जब चोमू में नगर पालिका थी, तब आशीष दुसाद चेयरमैन के रूप में कार्य कर चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान जनसेवा के बल पर उन्होंने स्थानीय जनता का समर्थन हासिल किया था। हालिया चुनाव प्रचार के दौरान आशीष दुसाद ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया है कि चोमू नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनते ही आम जनता को मूलभूत समस्याओं से राहत दिलाई जाएगी।
रिकॉर्ड मतदान : चोमू में 9 सितंबर को नगर परिषद के सभी 45 वार्डों में चुनाव संपन्न हुए। यह चुनाव राजस्थान बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता और चोमू के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा के नेतृत्व में लड़े गए। चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया और सभी वार्डों को मिलाकर कुल लगभग 90 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया।
14 सितंबर को आएंगे नतीजे : चोमू नगर परिषद के सभी 45 वार्डों की मतगणना 14 सितंबर को होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। रमेश कुमार रावत ने विश्वास जताया है कि पिछले पांच वर्षों में स्थानीय स्तर पर उपेक्षित रही जनसमस्याओं का समाधान अब बीजेपी का बोर्ड बनने के बाद ही संभव होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 14 सितंबर को आने वाले परिणाम चोमू की जनता के हक में होंगे और क्षेत्र का विकास बीजेपी के सुरक्षित हाथों में रहेगा।

