शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 10 राज्यों में कोहरे का कहर, दिल्ली आने वाली 30 ट्रेनें लेट, कई उड़ानें भी प्रभावित
Last Updated : मंगलवार, 16 जनवरी 2024 (09:19 IST)

10 राज्यों में कोहरे का कहर, दिल्ली आने वाली 30 ट्रेनें लेट, कई उड़ानें भी प्रभावित

cold
Weather Update 16 January : उत्तर भारत मंगलवार सुबह घने कोहरे की चपेट में रहा। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया। कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा।
 
दिल्ली में कोहरे का कहर : दिल्ली में मंगलवार को सुबह भी घने कोहरे की चपेट में थी। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह 5:30 बजे सफदरजंग में तापमान 4.8°C और पालम में 7.2°C दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए।
 
कम दृश्यता की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा। सड़क पर गाड़ियां रेंगती नजर आई। 16 जनवरी को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कोहरे और कम दृश्यता के कारण IGI हवाई अड्डे पर कई उड़ानों के संचालन में देरी हुई।
 
नोएडा में रेड अलर्ट : नोएडा में मंगलवार सुबह घने कोहरे और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर रात और सुबह के समय दृश्यता कमोबेश शून्य रहेगी। वहीं, दिन के समय भी पारा गिरने की वजह से ठंड बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को अपने बचाव के लिए भी सतर्क किया गया है।

पंजाब और हरियाणा में बढ़ी ठंड : पंजाब और हरियाणा शीतलहर की चपेट में हैं। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर घना कोहरा भी छाया रहा। पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के बल्लोवाल सौंखरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 
पश्चिम बंगाल में बारिश के आसार : पश्चिम बंगाल में आज सुबह कई स्थानों पर घना कोहरा दिखाई दिया। पुरुलिया जिले में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है। वहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं दार्जिलिंग 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के अधिकांश जिलों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। 
 
आज कैसा रहेगा मौसम : मौसम एजेंसी स्कायमेट के अनुसार, पश्चिमी हिमालय के ऊपरी इलाकों में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति हो सकती है। हरियाणा में एक-दो स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है।
Edited by : Nrapendra Gupta
ये भी पढ़ें
हनुमान सेतु मंदिर पहुंचे राजनाथ, उठाए फर्श पर गिरे फूल, लगाई झाड़ू