हर हिंदू घर में रखे लाइसेंसी बंदूक वरना... MLA टी. राजा सिंह के इस बयान से मचा बवाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की दो बच्चों के कानून की मांग
T Raja Singh Licensed Gun Statement: अपने तीखे और विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले तेलंगाना के विधायक टी. राजा सिंह ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिससे सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश में 'दो बच्चों की नीति' (Two-Child Policy) लागू करने की मांग करते हुए हिंदुओं से अपने घरों में लाइसेंसी हथियार रखने की अपील कर डाली है।
तेलंगाना की गोशामहल विधानसभा सीट से विधायक टी. राजा सिंह अपने एक ताजा बयान को लेकर एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। जनसंख्या नियंत्रण कानून की वकालत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जल्द से जल्द 'दो बच्चों की नीति' पारित करने का आग्रह किया है, और साथ ही कानून न बनने की स्थिति में बहुसंख्यक हिन्दू समुदाय को लाइसेंसी हथियार रखने की सलाह देकर नया सियासी बवाल खड़ा कर दिया है।
A major conspiracy for the g@nocide of Indian Muslims “If the two-child policy is not passed, every Hindu should keep a licensed gun at home. Otherwise, neither their property nor their daughters will be safe, because the Muslim population will triple in the next 20 years, making Hindus unsafe.” BJP MLA T. Raja Singh urged Prime Minister Narendra Modi to introduce a two-child policy and appealed to Hindus to keep licensed firearms if the law is not enacted.
— The Muslim (@TheMuslim786) November 20, 2026
क्या कहा टी. राजा सिंह ने?
एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक जनसंख्या असंतुलन का मुद्दा उठाते हुए टी. राजा सिंह ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि दो बच्चों की नीति पारित नहीं की जाती है, तो प्रत्येक हिंदू को घर में एक लाइसेंसी बंदूक रखनी चाहिए। अन्यथा, न तो उनकी संपत्ति सुरक्षित रहेगी और न ही उनकी बेटियां, क्योंकि अगले 20 वर्षों में मुस्लिम आबादी तीन गुना हो जाएगी, जिससे हिंदू असुरक्षित हो जाएंगे।
उनके इस बयान के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं। आलोचकों ने इसे समाज में वैमनस्य फैलाने वाला और भड़काऊ करार दिया है, वहीं समर्थक इसे जनसंख्या नियंत्रण के संदर्भ में दिया गया बयान बता रहे हैं।
कौन हैं टी. राजा सिंह?
टी. राजा सिंह (ठाकुर राजा सिंह लोध) तेलंगाना की राजनीति का एक चर्चित और अक्सर विवादों में रहने वाला चेहरा हैं। 15 अप्रैल 1977 को हैदराबाद में जन्मे राजा सिंह ने राजनीति में आने से पहले बजरंग दल के साथ काम किया। उन्होंने अपने चुनावी राजनीति की शुरुआत तेलुगू देशम पार्टी (TDP) से की और 2009 में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) के पार्षद चुने गए।
2014 में राजा सिंह भाजपा में शामिल हुए और हैदराबाद की गोशामहल विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने। इसके बाद 2018 और 2023 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने इसी सीट से लगातार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। गौरतलब है कि गोशामहल हैदराबाद लोकसभा क्षेत्र की एकमात्र ऐसी विधानसभा सीट है, जहां से असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM कभी नहीं जीत पाई है।
विवादों से पुराना नाता
टी. राजा सिंह अपने आक्रामक हिंदुत्ववादी छवि और विवादित बयानों के कारण कई बार कानूनी और राजनीतिक पचड़ों में फंस चुके हैं। उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और भड़काऊ भाषण के आरोपों में उन्हें प्रिवेंटिव डिटेंशन (PD Act) के तहत जेल भी जाना पड़ा था। साल 2022 में विवादित टिप्पणी के चलते भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था, हालांकि 2023 के चुनावों से ठीक पहले उनका निलंबन रद्द कर दिया गया था।

