शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Monsoon reaches Odisha, 5 lakh affected by floods in Assam
Written By
Last Updated :नई दिल्ली/ भुवनेश्वर , शुक्रवार, 23 जून 2023 (09:05 IST)

Weather Update : ओडिशा पहुंचा मानसून, असम में बाढ़ से 5 लाख प्रभावित

National monsoon mission
मानसून (Monsoon) गुरुवार को ओडिशा के कुछ हिस्सों में पहुंच गया जिसके कारण अगले 4-5 दिनों में राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य के मलकानगिरि, कोरापुट और गजपति जिले के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है तथा अगले 2 दिनों के दौरान इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। असम में बाढ़ (floods) से 5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि कुछ निचले इलाकों में अस्थायी जलजमाव और शहरी क्षेत्रों में यातायात जाम होने की संभावना है।
 
किसानों को धान की बुआई के लिए तैयार रहने और बिजली गिरने से बचने के लिए एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग ने जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, पुरी, गंजाम और कंधमाल में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसमें सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, क्योंझर और मयूरभंज में बिजली गिरने के साथ आंधी चलने का भी अनुमान है।
 
असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर, 5 लाख लोग प्रभावित : गुवाहाटी से मिले समाचारों के अनुसार असम में गुरुवार को बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई और राज्य के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने से नए इलाके भी जलमग्न हो गए हैं और बाढ़ से 12 जिलों में करीब 5 लाख लोग प्रभावित हैं। एक आधिकारिक बुलेटिन से यह जानकारी मिली। बाढ़ के कारण 1 व्यक्ति की मौत हो गई है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक असम के कई जिलों में 'अत्यंत भारी' से 'अत्यधिक भारी' बारिश का अनुमान जताया है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार उदलगुरी जिले के तामुलपुर में बाढ़ के कारण 1 व्यक्ति की मौत हो गई।
 
एएसडीएमए की रिपोर्ट में कहा गया है कि बक्सा, बारपेटा, चिरांग, दरांग, धुबरी, डिब्रूगढ़, कामरूप, कोकराझार, लखीमपुर, नलबाड़ी, सोनितपुर और उदलगुरी जिलों में बाढ़ के कारण 4,95,700 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसमें कहा गया है कि बारपेटा 3,25,600 से अधिक लोगों के साथ सबसे बुरी तरह प्रभावित है, इसके बाद नलबाड़ी में 77,700 से अधिक लोग और लखीमपुर में लगभग 25,700 लोग पीड़ित हैं। प्रशासन 7 जिलों में 83 राहत शिविर चला रहा है, जहां 14,035 लोगों ने शरण ली हुई है और 8 जिलों में 79 राहत वितरण केंद्र चला रहा है।
 
दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
 
दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसमें कहा गया है कि सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 54 प्रतिशत से 92 प्रतिशत के बीच रहा। आईएमडी ने शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान शहर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 29 डिग्री सेल्सियस और 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
 
आज के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज शुक्रवार को सिक्किम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
पूर्वी बिहार, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। दिल्ली, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में बारिश संभव है।
 
Edited by: Ravindra Gupta