एक चिट्ठी, खुद के नाम
युग डिजिटल हो चुका है। संवाद के तौर-तरीके बदल गए हैं। लिफाफा, अंतर्देशीय पत्र और पोस्टकार्ड अब बीते जमाने की चीजें लगने लगी हैं। कभी डाकिए की राह देखना, चिट्ठी मिलने पर उसे बार-बार पढ़ना और फिर उसका जवाब लिखने बैठ जाना हमारी जिंदगी का हिस्सा हुआ करता था। अब एक क्लिक में संदेश दुनिया के किसी भी कोने तक पहुंच जाता है। लेकिन इस तेज रफ्तार डिजिटल दुनिया में क्या हमने खुद से संवाद करना भी कम नहीं कर दिया है?
परिजनों और मित्रों को चिट्ठी लिखना अब भले ही हमारी आदतों में शामिल न हो, लेकिन कभी-कभी खुद के नाम एक चिट्ठी जरूर लिखिए। ऐसी चिट्ठी, जिसमें आप किसी दूसरे को नहीं, खुद को संबोधित कर रहे हों। अपने मन की बात कह रहे हों। अपनी खूबियों को पहचान रहे हों और अपनी कमियों को स्वीकार कर रहे हों।
और हां, इस चिट्ठी में अपनी तारीफ करने से भी मत हिचकिए। आखिर, दूसरों की प्रशंसा सुनने की इच्छा रखने वाले हम खुद अपनी अच्छाइयों को स्वीकार करने में इतने संकोच क्यों करते हैं?
कभी खुद को भी एक अच्छी बात कहिए
हमारी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा दूसरों की अपेक्षाओं को पूरा करने में बीत जाता है। कभी परिवार की उम्मीदें, कभी मित्रों की अपेक्षाएं, तो कभी समाज में अपनी छवि बनाए रखने की चिंता। इस भागदौड़ में हम अक्सर भूल जाते हैं कि जिस व्यक्ति को सबसे ज्यादा समझने और संबल देने की जरूरत है, वह खुद हम हैं।
हम दूसरों को हौसला देते हैं। उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हैं। मुश्किल वक्त में उन्हें समझाते हैं कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन जब बात खुद की आती है, तो छोटी-सी असफलता भी हमें भीतर तक हिला देती है।
ऐसे में खुद के नाम लिखी गई एक चिट्ठी आपका संबल बन सकती है। जब कभी मन उदास हो, आत्मविश्वास डगमगाए या लगे कि जिंदगी में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा, तब उस चिट्ठी को निकालकर पढ़िए। उसमें लिखे अपने ही शब्द शायद आपको वह हौसला दे दें, जिसकी तलाश में आप दूसरों के पास जा रहे थे।
खुद के लिए क्या लिखें चिट्ठी में?
प्रिय...
सबसे पहले तो यह समझ लो कि तुम कोई साधारण व्यक्ति नहीं हो। तुम्हारे भीतर भी खूबियां हैं, क्षमताएं हैं और कुछ ऐसा है, जो तुम्हें दूसरों से अलग बनाता है। अपनी अच्छाइयों को पहचानो। उनका सम्मान करो। लेकिन इस आत्मविश्वास को अहंकार में मत बदलने देना।
तुम्हारे लिए यह समझना भी जरूरी है कि तुम किसी के लिए अपरिहार्य नहीं हो। यह सोचना कि तुम्हारे बिना किसी का काम नहीं चल सकता, महज दिखावा और मुगालता है। जिस तरह तुम दूसरों से अपनी अहमियत स्वीकार किए जाने की अपेक्षा करते हो, उसी तरह दूसरे भी अपने जीवन में तुम्हारी भूमिका को अपने नजरिये से देखते हैं।
दूसरे से अपेक्षा करने की बजाय खुद को बदलो
तुम अपने बारे में जो सोचते हो, जरूरी नहीं कि सामने वाला भी तुम्हारे बारे में वैसा ही सोचे। ऐसा मान लेना तुम्हारी भूल होगी। तुम अपने कर्म, अपनी सोच और अपने व्यवहार की जिम्मेदारी ले सकते हो, लेकिन दूसरे के विचारों और व्यवहार की गारंटी नहीं।
इसलिए हर किसी की स्वीकृति पाने की कोशिश में खुद को मत थकाओ। अपनी अच्छाइयों को दूसरों की प्रशंसा के तराजू पर मत तौलो। और किसी की उपेक्षा को अपनी योग्यता का प्रमाण भी मत मानो।
अपनी हद पहचानो, अपनी दिशा तय करो
प्रिय, जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए सपने देखना जरूरी है। लेकिन हर सपना पूरा हो, हर इच्छा पूरी हो और हर व्यक्ति तुम्हारे मन मुताबिक व्यवहार करे, यह संभव नहीं।
अपनी हद पहचानो। अपनी क्षमताओं और परिस्थितियों को समझते हुए अपनी सीमाएं तय करो। सीमाएं तय करने का अर्थ खुद को बांध लेना नहीं, बल्कि अपनी ऊर्जा और समय का सही इस्तेमाल करना है।
मृगतृष्णा के पीछे भागने से बेहतर है कि जो तुम्हारे पास है, उसका मूल्य समझो। जो हासिल कर सकते हो, उसके लिए ईमानदारी से प्रयास करो और जो तुम्हारे वश में नहीं, उसे स्वीकार करना सीखो।
हर चमकती चीज तुम्हारे लिए नहीं है। हर अवसर तुम्हारे अनुकूल नहीं होगा। और हर असफलता तुम्हारी अक्षमता का प्रमाण नहीं होती। कभी-कभी किसी चीज को छोड़ देना भी समझदारी होती है।
अच्छे लोगों का साथ, जिंदगी की बड़ी पूंजी
तुम्हें यह भी समझना होगा कि जिंदगी में लोगों की संख्या से ज्यादा मायने उनके साथ की गुणवत्ता रखती है।
बहुत सारे परिचित होने के बावजूद इंसान अकेला हो सकता है। वहीं, कुछ ऐसे लोग भी होते हैं, जिनसे वर्षों तक बात न हो, फिर भी जरूरत पड़ने पर वे तुम्हारे साथ खड़े मिलते हैं।
थोड़ा-सा पीछे मुड़कर देखो। तुम्हें ऐसे लोग जरूर दिखाई देंगे, जिन्होंने बिना किसी स्वार्थ के तुम्हारा साथ दिया। जिन्होंने तुम्हारी बात सुनी, तुम्हारी गलतियों को समझा और मुश्किल समय में तुम्हारा हौसला बढ़ाया।
हो सकता है ऐसे लोगों की संख्या बहुत कम हो, लेकिन जिंदगी के कठिन मोड़ पर तुम्हारा हाथ थामने के लिए वे काफी हैं।
उनकी कद्र करो। उनसे संपर्क बनाए रखो। रिश्तों को केवल जरूरत के वक्त याद करने की आदत मत डालो। कभी बिना किसी काम के भी फोन कर लिया करो। हालचाल पूछ लिया करो। और जब वे तुम्हें याद करें, तो उनके लिए भी समय निकालो।
याद रखना, अच्छे रिश्ते किसी बैंक खाते की तरह नहीं होते, जिनमें जरूरत पड़ने पर ही जमा-निकासी की जाए। उन्हें समय, भरोसे और संवेदना से सींचना पड़ता है।
चिंता नहीं चिंतन करो
प्रिय, तुम अक्सर उन बातों को लेकर परेशान रहते हो, जिन्हें बदलना तुम्हारे वश में नहीं होता। किसी ने तुम्हारे बारे में क्या सोचा, किसी ने तुम्हारी बात का क्या अर्थ निकाला, किसी ने तुम्हें महत्व क्यों नहीं दिया—इन सवालों में अपनी ऊर्जा मत गंवाओ।
चिंता तुम्हें एक ही जगह खड़ा रखती है, जबकि चिंतन तुम्हें आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है। चिंता में तुम बार-बार समस्या के बारे में सोचते हो। चिंतन में तुम उसका समाधान तलाशते हो।
इसलिए जो बात तुम्हारे नियंत्रण में है, उस पर काम करो। जो नहीं है, उसे लेकर खुद को परेशान करना छोड़ो।
गलतियां हुई हैं तो उन्हें स्वीकार करो। उनसे सीखो। जरूरत पड़े तो माफी मांगो। लेकिन पुरानी गलतियों को बार-बार याद करके खुद को सजा मत देते रहो।
जिंदगी कोई ऐसी परीक्षा नहीं है, जिसमें एक बार गलती हो जाने के बाद दोबारा मौका नहीं मिलता।
अपनी होनी के लिए भी थोड़ा समय निकालो
तुम्हारी जिंदगी केवल जिम्मेदारियों का नाम नहीं है। काम, परिवार, सामाजिक संबंध और रोजमर्रा की भागदौड़ के बीच अपने लिए भी थोड़ा समय निकालो।
वह सब करो, जिससे तुम्हें खुशी मिलती है। पढ़ना, लिखना, संगीत सुनना, घूमना, बागवानी करना या कोई ऐसा शौक, जिसे तुमने समय के अभाव में पीछे छोड़ दिया है।
हर काम का कोई व्यावहारिक लाभ हो, यह जरूरी नहीं। कुछ काम सिर्फ इसलिए भी किए जा सकते हैं, क्योंकि उनसे मन को सुकून मिलता है।
कभी अपनी पसंद की किताब लेकर बैठो। कभी कोई पुराना गीत सुनो। कभी बिना किसी उद्देश्य के टहलने निकल जाओ। और कभी अपने साथ चुपचाप कुछ समय बिताओ।
खुद के साथ सहज होना भी एक कला है। इसे सीखो।
अभी यह चिट्ठी खत्म नहीं हुई
प्रिय, यह मत समझना कि इस चिट्ठी को लिखकर तुमने खुद से संवाद का अपना दायित्व पूरा कर लिया है। यह पत्र व्यवहार जारी रहना चाहिए।
कभी अपनी उपलब्धियों के बारे में लिखना। कभी अपनी असफलताओं का हिसाब करना। कभी खुद को डांटना, तो कभी अपनी पीठ थपथपाना। कभी यह पूछना कि जो जिंदगी तुम जी रहे हो, क्या वह सचमुच वही है, जिसे तुम जीना चाहते थे?
और हां, जब कभी लगे कि तुम खुद से बहुत दूर चले गए हो, तब यह चिट्ठी तुम्हें तुम्हारे पास वापस लाने का काम करे।
यह जरूरी नहीं कि तुम्हारी हर चिट्ठी में अच्छी बातें ही हों। कभी मन की कड़वाहट भी लिख देना। कभी अपनी निराशा, अपनी शिकायतें और अपने डर भी कागज पर उतार देना। क्योंकि खुद से ईमानदार संवाद का अर्थ केवल खुद की तारीफ करना नहीं, बल्कि खुद को पूरी तरह स्वीकार करना भी है।
इस चिट्ठी को संभालकर रखना। जब कभी मन डगमगाए, इसे फिर से पढ़ना। हो सकता है, तुम्हें अपने ही लिखे किसी पुराने वाक्य में वह जवाब मिल जाए, जिसे तुम लंबे समय से तलाश रहे थे।
और अगर यह चिट्ठी तुम्हें थोड़ी-सी भी ऊर्जा दे सके, तो समझना कि तुम्हारा यह प्रयास सफल रहा।
ढेर सारी शुभकामनाएं!
सादर,
तुम्हारा अपना

