1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2018
  3. मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018
  4. Digvijay Singh Shivraj Singh Chauhan

दिग्विजय सिंह का भाजपा पर हमला, कहा- स्वयं को देशभक्त साबित करने में जुटी है भाजपा

Digvijay Singh
इंदौर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नेता दूसरों को देशद्रोही बताकर स्वयं को बड़ा देशभक्त साबित करने में लगे हुए हैं।
 
सिंह इंदौर ग्रामीण के देपालपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विशाल पटेल के समर्थन में गुरुवार रात एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने डेढ़ दशक से सूबे में शासन कर रही भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के राज में गरीब, किसान, युवा, व्यापारी, अधिकारी और कर्मचारी सभी नाखुश हैं, लिहाजा उसने भाजपा सरकार को हटाने का संकल्प कर लिया है।
 
मध्यप्रदेश कांग्रेस समन्वय समिति के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि चौहान को दिग्विजय सिंह का भूत सताता है। यही कारण है कि भाजपा के नेता चुनाव प्रचार में बार-बार उनके कार्यकाल को याद करने की बात कहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को कांग्रेस के 10 साल बनाम भाजपा सरकार के 15 साल के शासन को लेकर खुले मंच पर बहस की चुनौती दी। (वार्ता)