इंदौर में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं भिड़े, पथराव और नारेबाजी के बीच पुलिस का लाठीचार्ज
इंदौर में कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ताओं में शनिवार को जमकर भिड़ंत हो गई। यहां के गांधी भवन एक तरह से रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और बल का प्रयोग किया।
बता दें कि दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन घेरने की घोषणा की थी। दरअसल, हंगामा तब शुरू हुआ जब भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए गांधी भवन की ओर बढ़े। पुलिस ने उन्हें मच्छी बाजार चौराहे पर रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेतृत्व विधायक रमेश मेंदोला और युवा मोर्चा अध्यक्ष सौगात मिश्रा कर रहे थे।
दूसरी तरफ से कांग्रेसियों ने “भाजपा की तानाशाही नहीं चलेगी” के नारे लगाए। कांग्रेस की ओर से चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े, राजेश चौकसे और देवेंद्र यादव मोर्चा संभाले हुए थे।
हिंसक हुआ प्रदर्शन : देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों ओर से पानी की बोतलें फेंकी गईं। आरोप है कि कांग्रेसियों ने टमाटर फेंकने की आड़ में ईंट और पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस अधिकारी और कवर कर रहे एक मीडियाकर्मी को गंभीर चोटें आई हैं। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए गांधी भवन को पुलिस छावनी बना दिया गया। करीब 100 से अधिक पुलिस अधिकारी, वाटर कैनन, वाहन मौके पर तैनात किए गए। बाद में पुलिस ने वॉटर कैनन का उपयोग कर और हल्का बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों को तितर-बितर किया।
Edited By: Naveen R Rangiyal