1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. rahul gandhi pm modi compromised bjp protest
Last Updated :नई दिल्ली , शनिवार, 21 फ़रवरी 2026 (12:25 IST)

राहुल गांधी ने भी कहा- पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड, भाजपा का देशभर में प्रदर्शन

Rahul Gandhi Attacks PM Modi
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड। अमेरिका की शीर्ष अदालत ने ट्रंप टैरिफ को अवैध बताते हुए रद्द कर दिया है। इस बीच एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा ने देशभर में प्रदर्शन किया।
 
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री समझौता कर चुके हैं। उनका विश्वासघात अब उजागर हो चुका है। वह (पीएम) दोबारा बातचीत नहीं कर सकते। वह फिर से सरेंडर कर देंगे।
 
कांग्रेस पहले भी आरोप लगाती रही है कि पीएम मोदी और उनकी सरकार ने ट्रेड डील को लेकर अमेरिका के भारत के हितों का ख्याल नहीं रखा।

ट्रेड डील में कुछ नहीं बदला

इस बीच अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को भी एक बयान जारी कर कहा कि भारत अमेरिका ट्रेड डील में कुछ भी नहीं बदला है। भारत टैरिफ का भुगतान करेगा। हम टैरिफ का भुगतान नहीं करेंगे।

प्रदर्शन के जवाब में भाजपा का प्रदर्शन

यूथ कांग्रेस द्वारा शुक्रवार को एआई समिट के दौरान किए गए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने जो टीशर्ट पहनी थी उस पर भी मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड लिखा हुआ है। इस प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा आज देशभर में प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली, सूरत, जयपुर समेत कई शहरों में भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की शर्मनाक हरकत के खिलाफ प्रदर्शन किया।

सुधांशु त्रिवेदी का पलटवार

भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि विश्व AI शिखर सम्मेलन में जहां एक तरफ भारत की प्रतिभा और बुद्धिमत्ता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की निम्नता और नग्नता का एक शर्मनाक प्रदर्शन भी देखने को मिला। जो कुछ कांग्रेस ने किया, ये सिर्फ एक राजनीति नहीं है, इसे सिर्फ नकारात्मक राजनीति कहकर छोड़ा नहीं जा सकता।
 
उन्होंन कहा कि ये राष्ट्र के साथ हो रहे द्रोह के समकक्ष है। पूरा देश इस विषय को लेकर उद्वेलित भी है और आक्रोशित भी है। इस तरह के निंदनीय कृत्य के लिए देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।
edited by : Nrapendra Gupta
ये भी पढ़ें
मिला-जुला रहा भारतीय शेयर बाजार, टैरिफ से राहत के बाद कैसा रहेगा अगला हफ्ता?