1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. An ancient safe has been unearthed during excavation at Lalbagh in Indore

इंदौर के लालबाग में खुदाई में निकली प्राचीन तिजोरी, क्‍या और कितना है जल्‍द होगा खुलासा, महिला ने दावा किया उसकी है तिजोरी

lal bagh indore
इंदौर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस के परिसर में खुदाई के दौरान एक प्राचीन भारी भरकम तिजोरी निकली है। बता दें कि लालबाग पैलेस परिसर में सड़क और बाउंड्रीवॉल का काम चल रहा है। इसी दौरान जेसीबी चालक की नजर जमीन में आधी धंसी लोहे की भारी तिजोरी पर पड़ी। वह उसे निकालकर पैलेस के पास ले आया और अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

अधिकारियों ने जेसीबी की मदद से तिजोरी को सुरक्षित रखवा दिया। तिजोरी खाली थी। इसके मिलने की खबर फैलते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में इसे होलकर शासनकाल से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन जांच में नया पहलू सामने आया है। परिसर में रहने वाली एक महिला ने तिजोरी को अपने पिता की निशानी बताया है। अब अधिकारी इसकी वास्तविक स्थिति और इतिहास का पता लगा रहे हैं।

परिसर के चौकीदार ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान तिजोरी दिखाई दी थी, जिसे सुरक्षित रखवा दिया गया है। अधिकारी इसका निरीक्षण करेंगे, ताकि पता चल सके कि तिजोरी का इतिहास लालबाग पैलेस से जुड़ा है या नहीं। फिलहाल इसे होलकर शासनकाल की तिजोरी नहीं माना जा रहा है।

वहीं, परिसर में रहने वाली एक महिला ने तिजोरी पर अपना दावा किया है। महिला का कहना है कि उसके पिता सुनार का काम करते थे और उनकी दुकान में यह तिजोरी रखी रहती थी। पिता के निधन के बाद आर्थिक स्थिति बिगड़ने पर वह परिसर में बनी झोपड़ी में रहने आ गई थी। वह अपने पिता की निशानी के तौर पर तिजोरी भी साथ ले आई थी। कुछ दिनों पहले उसने तिजोरी को बाहर निकालकर रख दिया था।

बता दें कि लालबाग पैलेस इंदौर के होलकर राजघराने के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा प्रमुख स्थल है। ऐसे में यहां पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके राजपरिवार से जुड़े होने के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि क्या इसमें कभी राजघराने के बेशकीमती दस्तावेज या खजाना रखा जाता था।
अगला लेख
QUAD फोटो सेशन में BRICS जैसा वाकया, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने थपथपाई PM मोदी की पीठ, वीडियो वायरल