महू में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, शराब कंपनी के कर्मचारियों से बैग छीनकर भागे बदमाश
File Photo
इंदौर से सटे महू में अब दिनदहाड़े लूट होने लगी है। यहां एक शराब कंपनी के कर्मचारी से बदमाशों ने 10 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। जैसे ही घटना के बारे में जानकारी लगी, चारों तरफ अफरातफरी मच गई और दहशत फैल गई।
दरअसल, महू में बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर शराब कंपनी के कर्मचारियों से बाइक सवार बदमाशों ने 10 लाख रुपए लूट लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है, वहीं शराब ठेकेदार ने अपने ही कर्मचारियों पर मिलीभगत का शक जताया है।
घटना ड्रीमलैंड चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ठीक बाहर हुई। बाइक सवार बदमाशों ने शराब कंपनी के कर्मचारियों से 10 लाख रुपए से भरा बैग छीन लिया। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है, जब बाजार में अच्छी खासी चहल-पहल थी। शराब कंपनी में काम करने वाले तीन कर्मचारी हर्षित, गौरव और रौनक शुक्रवार को बैंक के काम से निकले थे। वे महू के ड्रीमलैंड चौराहे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में पैसा निकालने पहुंचे थे। उन्होंने बैंक से चालान भरने के लिए 10 लाख रुपए विड्रॉल किए और रकम को एक बैग में रख लिया। जैसे ही वे पैसे लेकर बैंक से बाहर निकले, वहां पहले से घात लगाकर खड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारा और हर्षित के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
पुलिस ने जांच शुरू की : लूट की सूचना मिलते ही शराब कंपनी के कर्मचारियों ने अपने ठेकेदार बद्री फौजी को फोन किया, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी राहुल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके और उनकी बाइक का नंबर मिल सके।
शराब ठेकेदार बद्री फौजी के बेटे अमन ठाकुर ने इस मामले में एक नया मोड़ दिया है। उन्होंने अपने ही कर्मचारियों पर शक जताया है। अमन का कहना है कि तीनों कर्मचारी मानपुर के रहने वाले हैं और जिस जगह यह घटना हुई, वहां ठीक सामने यातायात पुलिस की चौकी भी है। अमन के मुताबिक, अगर बीच बाजार में लूट होती तो कर्मचारी कम से कम चोरों का पीछा करते या शोर मचाते, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई प्रयास नहीं किया। इसी वजह से मालिक को लग रहा है कि इस वारदात में कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है।
Edited By: Navin Rangiyal
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें