Exit poll : गुजरात विधानसभा चुनाव, किसका पलड़ा भारी
एक्जिट पोल परिणाम
| एजेंसी | भाजपा | कांग्रेस | अन्य |
| एबीपी न्यूज-CSDS | 117 | 64 | 01 |
| इंडिया-टुडे एक्सिस | 99-113 | 68-82 | 01-04 |
| टाइम्स नाउ | 109 | 70 | 3 |
| टाइम्स नाउ-वीएमआर | 113 | 66 | 3 |
| रिपब्लिक-सी-वोटर | 108 | 74 | 0 |
| न्यूज18-सी-वोटर | 108 | 74 | 0 |
| न्यूज एक्स | 110-120 | 65-75 | 2-4 |
| जी न्यूज-एक्सिस | 99-113 | 68-82 | 01 |
| टुडेज चाणक्य | 135 | 47 | 00 |
नई दिल्ली। गुजरात में विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद कई मीडिया समूहों की ओर से किए गए एग्जिट पोल में में भाजपा की जीत की संभावना जताई गई है। तकरीबन सभी एक्जिट पोल में गुजरात में भाजपा को 100 से अधिक सीटें दी गई हैं। भाजपा इस राज्य में 22 साल से सत्ता में है।
‘टुडेज चाणक्य’ के एक्जिट पोल के अनुसार गुजरात में भाजपा को 135 सीटें मिलेंगी तो कांग्रेस को 47 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। गुजरात में आज दूसरे और अंतिम दौर का मतदान संपन्न हुआ।
टाइम्स नाउ-वीएमआर के एग्जिट पोल में कहा गया कि राज्य में भाजपा को 115, कांग्रेस को 64 तथा शेष सीट अन्य दलों को मिल सकती हैं। रिपब्लिक-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 108 और कांग्रेस को 74 सीट मिलने का अनुमान है।
एबीपी-सीएसडीएस के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार भाजपा को 117 और कांग्रेस को 64 सीट मिल सकती हैं। वहीं, एनडीटीवी पर आए एक एग्जिट पोल में कहा गया कि भाजपा को 112 तथा कांग्रेस को 70 सीट मिल सकती हैं।
‘आज तक’ के चुनाव बाद सर्वेक्षण के अनुसार भी भाजपा सत्ता पर फिर से कब्जा हासिल करेगी। इसने कहा कि भाजपा को 99 से 113 सीट मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस के खाते में 68 से 82 सीट जाने का अनुमान है।
गुजरात में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 92 सीट जीतने की आवश्यकता है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115, कांग्रेस को 61 तथा अन्य को छह सीट मिली थीं।
कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा ने एक्जिट पोल के आकलन को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम के दिन ये अनुमान गलत साबित होंगे।
उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि आप एक्जिट पोल पर कितना विश्वास करते हैं। हम बिहार, तमिलनाडु, पंजाब में एक्जिट पोल देख चुके हैं। ये सभी गलत साबित हुए। इसलिए आप एक्जिट पोल पर कितना यकीन कर सकते हैं।’
