Dev Diwali 2026: देव दीपावली पर दीपदान का सबसे शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और कथा
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली (देव दिवाली) का उत्सव धर्म नगरी वाराणसी की सबसे भव्य परंपराओं में से एक है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का संहार किया था, जिसके उपलक्ष्य में देवताओं ने काशी में दिवाली मनाई थी। इसी कारण इस पर्व को 'त्रिपुरोत्सव' या 'त्रिपुरारी पूर्णिमा' के नाम से भी जाना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर्व और उसका महत्व
इस दिन श्रद्धालु सुबह पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाते हैं और शाम ढलते ही मिट्टी के दीये जलाते हैं। सूर्यास्त के बाद काशी के सभी घाटों की सीढ़ियां और मंदिर लाखों दीयों की रोशनी से नहा उठते हैं, मानो धरती पर तारे उतर आए हों। कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म में एक अत्यंत पवित्र और भव्य पर्व माना जाता है। यह केवल एक दिन का त्यौहार न होकर पाँच दिनों तक चलने वाला एक धार्मिक अनुष्ठान है, जो प्रबोधिनी एकादशी (कार्तिक शुक्ल एकादशी) से शुरू होकर पूर्णिमा तक मनाया जाता है।
पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ- 23 नवम्बर 2026 को 23:42 बजे
पूर्णिमा तिथि समाप्त- 24 नवम्बर 2026 को 20:23 बजे
पूर्णिमा के दिन चन्द्रोदय- शाम 17:01 बजे होगा।
देव दीपावली 2026: दीपदान का शुभ मुहूर्त
प्रदोषकाल दीपदान मुहूर्त: शाम 05:08 बजे से रात 07:47 बजे तक
कैसे करें दीपदान?
सही समय: कार्तिक पूर्णिमा की संध्या को यानी सूर्यास्त के तुरंत बाद प्रदोष काल में दीपदान करना सबसे फलदायी माना जाता है।
दीयों की संख्या: आप अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार 11, 21, 51 या फिर पूरे साल की पूजा का पुण्य देने वाले 365 घी या तेल के दीपक तैयार कर सकते हैं।
संकल्प और प्रार्थना: दीये प्रज्वलित करते समय भगवान शिव, श्रीहरि विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें। मन ही मन प्रार्थना करें कि इस प्रकाश के साथ आपके जीवन का हर अंधकार मिट जाए और घर में सुख-समृद्धि का वास हो।
नदी में दीपदान का तरीका: यदि आप किसी पवित्र नदी या सरोवर के किनारे हैं, तो पत्तों के दोने या मिट्टी के दीये जलाकर श्रद्धापूर्वक जल में प्रवाहित करें।
365 बाती का विशेष दीपक: इस दिन कई भक्त 365 बातियों वाला एक विशेष दीपक तैयार कर तुलसी के पौधे या मंदिर में जलाते हैं। मान्यता है कि इससे पूरे वर्ष प्रतिदिन दीप जलाने के समान पुण्य प्राप्त होता है।
कहां-कहां जलाएं दीये?
- किसी पवित्र नदी, घाट या जलाशय के तट पर।
- अपने घर के पूजा घर या मंदिर में।
- तुलसी के पौधे के समीप।
- पीपल के वृक्ष के नीचे।
- शमी के पौधे के पास।
- किसी मंदिर के प्रांगण या शिखर पर।
देव दीपावली की संपूर्ण और सरल पूजा विधि:
प्रातःकालीन स्नान और संकल्प
पवित्र स्नान: ब्रह्म मुहूर्त में उठकर किसी पवित्र नदी (जैसे गंगा) में स्नान करें। यदि नदी पर जाना संभव न हो, तो घर पर ही नहाने के पानी में थोड़ा सा गंगाजल मिलाकर स्नान करें।
सूर्य को अर्घ्य: स्नान के बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करें और तांबे के लोटे से सूर्य देव को जल अर्पित करें।
व्रत का संकल्प: हाथ में जल, अक्षत (साबुत चावल) और पुष्प लेकर भगवान शिव व विष्णु का स्मरण करते हुए व्रत या पूजा का संकल्प लें।
संध्याकालीन पूजा (प्रदोष काल का मुख्य पूजन)
देव दीपावली की मुख्य पूजा शाम के समय (प्रदोष काल में, सूर्यास्त के बाद) की जाती है।
चौकी की स्थापना: घर के मंदिर की सफाई करें। एक लकड़ी की चौकी पर लाल या पीला वस्त्र बिछाकर भगवान शिव (या शिवलिंग), माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
अभिषेक और तिलक: भगवान शिव का गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें। सभी देवी-देवताओं को चंदन, रोली, हल्दी और अक्षत का तिलक लगाएं।
पुष्प और वस्त्र अर्पण: भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, आंकड़े के फूल और सफेद पुष्प अर्पित करें। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को पीले फूल, कमल या गुलाब तथा तुलसी दल (केवल विष्णु जी को) चढ़ाएं।
नैवेद्य (भोग): पूजा में खीर, मिठाई, ऋतु फल और पंचामृत का भोग लगाएं।
मंत्र जप और आरती
- पूजन के दौरान "ॐ नमः शिवाय", "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" और "ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः" मंत्रों का कम से कम 108 बार जप करें।
- देव दीपावली की कथा (त्रिपुरासुर वध की कथा) का पाठ करें या सुनें।
- अंत में कपूर और घी के दीपक से भगवान शिव, विष्णु और माता लक्ष्मी की आरती करें।
दीपदान की विधि (सबसे महत्वपूर्ण चरण)
देव दीपावली का सबसे बड़ा महत्व दीपदान है। शाम के समय मिट्टी के 11, 21, 51 या 108 दीपक तैयार करें (इसमें गाय का घी या तिल का तेल और रूई की बत्ती डालें):
मंदिर और नदी तट: यदि संभव हो तो किसी पवित्र नदी के घाट, तालाब या शिव मंदिर में जाकर दीपदान करें।
घर के प्रमुख स्थान: घर के मुख्य द्वार के दोनों ओर, आंगन में, तुलसी के पौधे के पास, रसोईघर में (पीने के पानी के स्थान पर), छत पर और ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में दीपक अवश्य जलाएं।
दीपदान के बाद अपनी गलतियों के लिए क्षमा मांगें और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
देव दीपावली पौराणिक कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, देव दीपावली का पर्व भगवान शिव द्वारा महाबली राक्षस त्रिपुरासुर के वध और देवताओं की विजय के उपलक्ष्य में मनाया जाता है।
तीन अजेय नगरों का वरदान
प्राचीन काल में तारकासुर नामक एक क्रूर राक्षस था, जिसका वध भगवान शिव के पुत्र कार्तिकेय ने किया था। अपने पिता की मृत्यु का प्रतिशोध लेने के लिए तारकासुर के तीन पुत्रों— तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली—ने ब्रह्मा जी की कठोर तपस्या की। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा जी ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।
तीनों भाइयों ने अमरत्व का वरदान मांगा, लेकिन ब्रह्मा जी ने इसे असंभव बताते हुए कोई अन्य वरदान मांगने को कहा। तब उन तीनों ने बड़ी चतुराई से वरदान मांगा कि— "हमारे लिए तीन अलग-अलग नगर (सोने, चांदी और लोहे के) निर्मित किए जाएं, जो आकाश में विचरण करते रहें। जब हज़ार वर्षों में केवल एक बार ये तीनों नगर एक सीध में आएं, तभी कोई ऐसा अस्त्र हमें नष्ट कर सके जो एक ही बाण से तीनों नगरों को भेद दे।" ब्रह्मा जी ने 'तथास्तु' कहकर उन्हें यह वरदान दे दिया।
तीनों लोकों में हाहाकार
मयदानव ने उनके लिए तीन विशाल और अजेय पुरियों (नगरों) का निर्माण किया, जिन्हें 'त्रिपुर' कहा गया और इन तीनों भाइयों को संयुक्त रूप से 'त्रिपुरासुर' के नाम से जाना जाने लगा। वरदान के मद में चूर होकर त्रिपुरासुर ने स्वर्ग लोक पर आक्रमण कर दिया। उन्होंने इंद्र सहित सभी देवताओं को स्वर्ग से बाहर निकाल दिया और तीनों लोकों में भयंकर अत्याचार करने लगे। ऋषि-मुनियों के यज्ञ और धर्म-कर्म बंद हो गए।
महादेव की शरण में देवता
त्रिपुरासुर के आतंक से त्रस्त होकर सभी देवता भगवान ब्रह्मा और भगवान विष्णु के पास पहुंचे। लेकिन ब्रह्मा जी के ही वरदान के कारण वे भी विवश थे। अंततः सभी देवता कैलाश पर्वत पर भगवान शिव की शरण में गए और उनसे सृष्टि की रक्षा की प्रार्थना की।
दिव्य रथ और अमोघ बाण का निर्माण
देवताओं की करुण पुकार सुनकर भगवान शिव त्रिपुरासुर का संहार करने के लिए तैयार हुए। इस महायुद्ध के लिए स्वयं प्रकृति और देवताओं ने मिलकर महादेव के लिए एक विशेष रथ और अस्त्र तैयार किए:
पृथ्वी स्वयं रथ बनी और सूर्य तथा चंद्रमा उस रथ के दो पहिए बने।
ब्रह्मा जी स्वयं उस रथ के सारथी बने।
सुमेरु पर्वत को धनुष बनाया गया और वासुकि नाग उस धनुष की प्रत्यंचा (डोरी) बने।
भगवान विष्णु स्वयं उस धनुष का अमोघ बाण बने, जिसकी नोक पर अग्नि देव विराजमान हुए।
त्रिपुरासुर का संहार और काशी में दीपोत्सव
भगवान शिव उस दिव्य रथ पर सवार होकर रणभूमि में पहुंचे। आकाश में विचरण करते हुए तीनों नगर जैसे ही एक सीध में आए, महादेव ने बिना एक पल गंवाए धनुष की प्रत्यंचा खींची और उस दिव्य बाण को छोड़ दिया। एक ही बाण ने तीनों पुरियों को एक साथ भेद दिया और भस्म कर दिया। इस प्रकार त्रिपुरासुर का अंत हुआ और तीनों लोकों को उनके अत्याचार से मुक्ति मिली।
त्रिपुरासुर के वध की खुशी में कार्तिक मास की पूर्णिमा के दिन सभी देवता पृथ्वी पर भगवान शिव की प्रिय नगरी काशी (वाराणसी) में उतरे। उन्होंने गंगा घाटों पर लाखों दीपक जलाकर महादेव की आराधना की और उत्सव मनाया। चूंकि यह दीपावली स्वयं देवताओं ने मनाई थी, इसलिए तब से हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को 'देव दीपावली' के रूप में मनाया जाता है।

