1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP-Electricity-Rates-Relief-CM-Yogi-Adityanath

योगी सरकार का बड़ा तोहफा, लगातार 7वें साल यूपी में नहीं बढ़ेंगी बिजली की दरें

Yogi government
Yogi government electricity rates: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं, किसानों, मध्यम वर्ग और व्यापारियों को बड़ी आर्थिक राहत दी है। सरकार ने इस वर्ष भी बिजली की दरों में एक पैसे की भी बढ़ोतरी न करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी उपभोक्ताओं को उसी पुरानी दर पर ही बिजली मिलेगी, जो पिछले सात सालों से लागू है। लगातार सातवें वर्ष बिजली दरें स्थिर रखकर सरकार ने साबित कर दिया है कि उसका हर कदम आम जनता के जीवन को सुगम और खुशहाल बनाने के लिए समर्पित है।
 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के इस फैसले को जनहित में एक अभूतपूर्व कदम माना जा रहा है। सरकार के इस निर्णय से सीधे तौर पर प्रदेश के ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं, मध्यमवर्गीय परिवारों, अन्नदाता किसानों और छोटे-बड़े उद्योगों को भारी बचत होगी।

बिजली आपूर्ति में भी ऐतिहासिक सुधार

योगी सरकार ने न केवल जेब को राहत दी है, बल्कि बिजली की क्वालिटी और सप्लाई में भी उल्लेखनीय सुधार किया है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश के हर शहर, हर गांव, हर सड़क और हर गली तक 24x7 (चौबीसों घंटे) निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाई जाए। ग्रामीण इलाकों में अब पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा और निश्चित शेड्यूल पर बिजली मिल रही है, जिससे किसानों को सिंचाई में और बच्चों को पढ़ाई में बड़ी मदद मिल रही है।

बिजली सप्लाई का नया रिकॉर्ड

इस वर्ष पड़ी रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बावजूद, प्रदेश सरकार ने बिजली कटौती की नौबत नहीं आने दी। इस सीजन में उत्तर प्रदेश ने विद्युत आपूर्ति के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 32,673 मेगावाट की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
 
यूपी के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष भी बिजली की दरें नहीं बढ़ाई गईं। सभी उपभोक्ताओं के लिए वर्ष 2026-27 में भी वही दरें रहेंगी जो सात वर्ष पहले थीं। यह राहत तब दी जा रही है जब राज्य में विद्युत आपूर्ति भी अपने ऐतिहासिक अधिकतम स्तर पर है।
लेखक के बारे में
वृजेन्द्रसिंह झाला
वृजेन्द्रसिंह झाला पिछले 30 से ज्यादा वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं। प्रिंट एवं डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य का अनुभव। वर्तमान में वेबदुनिया की न्यूज टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।    अनुभव : वृजेन्द्रसिंह झाला तीन दशक से ज्यादा का प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया का अनुभव है। वर्तमान.... और पढ़ें