1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Journlist arvind shukla passes away

उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार अरविन्द शुक्ला का निधन

Journlist arvind shukla
लखनऊ। वरिष्ठ पत्रकार अरविंद शुक्ल का शनिवार सुबह रायपुर (छत्तीसगढ़) में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार को राजधानी के भैंसाकुंड बैकुंठधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। 
 
शुक्ला के परिवार में पत्नी एवं दो बेटियां हैं। उनकी छोटी बेटी अंबिका ने उन्हें मुखाग्नि दी। वह एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए रायपुर गए हुए थे। वहीं पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। देर रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कार्डियक अटैक के चलते सुबह 4 बजे उनका निधन हो गया।
 
अरविन्द शुक्ला इंदौर एवं लखनऊ से प्रकाशित साप्ताहिक समाचार पत्र 'स्पूतनिक' के वरिष्ठ संवाददाता थे। साथ ही विश्व के पहले हिन्दी न्यूज पोर्टल 'वेबदुनिया' के साथ भी लंबे समय तक जुड़े रहे। शुक्ल के निधन पर यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। 
 
सरल और सहज व्यक्तित्व के धनी शुक्ल हजरतगंज नरही स्थित सहाय सिंह बालिका इंटर कालेज के मैनेजर एवं उपजा की लखनऊ इकाई के अध्यक्ष भी रहे।

अरविन्द शुक्ला ने वेबदुनिया के शुरुआती दौर में यूपी ब्यूरो प्रमुख के तौर पर काम किया। सदी के पहले महाकुंभ इलाहाबाद कुंभ के कवरेज से लेकर यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम वेबदुनिया पर प्रसारित करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 
 
मिलनसार शुक्ला वेबदुनिया के साथियों से हमेशा संपर्क में रहे। वेबदुनिया परिवार शुक्ला के निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त करता है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि असहनीय दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें। 
अगला लेख
हैप्‍पी रिपब्‍लिक डे: गणतंत्र दिवस की तीन कविताएं