Tue, 7 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. heavy rain in Mumbai

पानी-पानी हुई मुंबई, अगले 24 घंटों में जोरदार बारिश का अनुमान

heavy rain in Mumbai
मुंबई। मुंबई और इसके आसपास के इलाके में शनिवार सुबह जोरदार बारिश हुई, जिससे सुबह के व्यस्त समय में सड़क यातायात प्रभावित हुआ। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे तक, पिछले 24 घंटों के दौरान कोलाबा वेधशाला में 80.2 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जबकि सांताक्रूज वेधशाला ने पिछले 24 घंटों के दौरान 86.5 मिमी बारिश दर्ज की।
 
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और इसके उपनगरीय इलाकों में मध्यम बारिश, जबकि महानगर के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश होने का अनुमान है।
 
वृहनमुंबई नगर निगम कारपोरेशन (बीएमसी) के उपायुक्त सुधीर नाइक ने कहा, ‘‘आज समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और हमारी मशीनरी इस पर करीबी निगाह रखे हुये है। बारिश के कारण केन्द्रीय एवं पश्चिमी लाइन समेत करीब सभी उपनगरीय ट्रेनें पांच से दस मिनट की देरी से चल रही हैं।
 
मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ए के जैन ने कहा, 'भारी बारिश के बावजूद मध्य रेलवे की सेवायें सामान्य तरीके से संचालित हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बारिश से सिओल, दादर, मुंबई सेंट्रल और कुर्ला जैसे निचले क्षेत्रों में जलभराव के कारण आज सुबह सड़क यातायात प्रभावित रहा।'
 
अधिकारी ने बताया, 'विक्रोली, बोरिवली, पोवाई, गोरेगांव, कुर्ला और अन्य स्थानों में भारी बारिश हुई, लेकिन सब कुछ सामान्य रहा।' उन्होंने बताया कि बेस्ट की बसें अपने निर्धारित समय से चल रही हैं और उनका मार्ग परिवर्तित करने की कोई जरूरत नहीं रही। सड़कों पर भरे पानी को बाहर निकाला जा रहा है। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
कभी छप्पर का घर था, अब मिलेगा 340 कमरों वाला भव्य आवास