1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. union minister ananth kumar passed away

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का लंबी बीमारी के बाद निधन

Ananth Kumar
बेंगलुरु। लंबे समय से बीमार चल रहे केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का सोमवार सुबह करीब 2 बजे निधन हो गया। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार को कैंसर था। उनका इलाज पिछले लंबे समय से चल रहा था। 59 साल के अनंत का पहले लंदन और न्यूयॉर्क में इलाज चला और 20 अक्टूबर को ही उन्हें बेंगलुरु लाकर एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया था।
 
 
खबरों के अनुसार अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज में रखा जाएगा। शुक्रवार को उनकी पत्नी ने जानकारी दी थी कि अब अनंत ठीक हैं, लेकिन फिर अचानक उनकी तबीयत कैसे बिगड़ी, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। तब कैंसर के साथ उनको कुछ इन्फेक्शन होने की बात भी सामने आई थी। तबीयत बिगड़ने की वजह से अनंत पिछले कुछ वक्त से कृत्रिम सांस लेने वाले यंत्र के सहारे थे और उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था।
 
अनंत कुमार के निधन की खबर के बाद उनके साथियों ने संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह आदि ने इस पर शोक जताया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, 'केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे दु:ख हुआ। उनका जाना देश और खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए बड़ा झटका है। उनके परिवार, सहकर्मी और उनसे जुड़े अनगिनत लोगों के साथ मेरी संवेदना है।'
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लिखा, 'मेरे सहकर्मी और दोस्त अनंत कुमार के निधन के बारे में सुनकर मुझे काफी दु:ख हुआ। वे शानदार नेता थे जिन्होंने युवा के रूप में राजनीति में कदम रखा और वे अब तक अत्यंत परिश्रम और करुणा के साथ लोगों की सेवा में लगे थे। उन्हें हमेशा उनके अच्छे कामों के लिए याद किया जाएगा।' मोदी ने बताया कि उन्होंने अनंत कुमार की पत्नी तेजस्विनी से भी बात की है।
अगला लेख
छत्तीसगढ़ में पहले चरण की वोटिंग शुरू, 18 सीटों पर 190 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे मतदाता