शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi reached Russia, will hold summit talks with President Putin
Last Updated :मॉस्को , सोमवार, 8 जुलाई 2024 (18:44 IST)

प्रधानमंत्री मोदी रूस पहुंचे, राष्ट्रपति पुतिन के साथ करेंगे शिखर वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी रूस पहुंचे, राष्ट्रपति पुतिन के साथ करेंगे शिखर वार्ता - PM Modi reached Russia, will hold summit talks with President Putin
PM Narendra Modi visit to Russia: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रूस की अपनी दो दिवसीय यात्रा के लिए सोमवार को यहां पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वह द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करने तथा व्यापार, ऊर्जा एवं रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर वार्ता करेंगे।
 
मंगलवार को शिखर वार्ता : तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की रूस की पहली पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। इससे पहले वह 2019 में रूस गए थे, जहां उन्होंने सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तक में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लिया था। मोदी और पुतिन मंगलवार को 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा सहित विविध क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने के तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे। ALSO READ: नरेन्द्र मोदी का रूस दौरा पश्चिम के लिए क्या मायने रखता है?
 
मोदी ने रूस के लिए प्रस्थान करने से पहले एक बयान में कहा कि भारत और रूस के बीच विशेष एवं विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पिछले 10 वर्षों में और बढ़ी है, जिसमें ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन और लोगों से लोगों का संपर्क आदि क्षेत्र शामिल हैं।
 
मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन : उन्होंने कहा कि मैं, मेरे मित्र राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करने और विभिन्न क्षेत्रीय एवं वैश्विक मामलों पर दृष्टिकोण साझा करने को लेकर आशान्वित हूं। उन्होंने कहा कि हम शांतिपूर्ण एवं स्थिर क्षेत्र के लिए सहायोगात्मक भूमिका निभाना चाहते हैं। ALSO READ: दो दिन के दौरे पर रूस जाएंगे PM, क्यों अहम है मोदी की यह यात्रा?
 
भारत के प्रधानमंत्री और रूस के राष्ट्रपति के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी में सर्वोच्च संस्थागत संवाद तंत्र है। भारत और रूस में अभी तक बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं। आखिरी शिखर सम्मेलन छह दिसंबर 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे। रूस के राष्ट्र प्रमुख के रूप में पुतिन 9 बार भारत की यात्रा कर चुके हैं।
 
आखिरी बार 2022 में पुतिन से मुलाकात : प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन ने आखिरी बार 16 सितंबर, 2022 को उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन के इतर द्विपक्षीय वार्ता की थी। इस दौरान मोदी ने यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए पुतिन पर दबाव डालते हुए कहा था कि आज का युग युद्ध का नहीं है। फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद से, मोदी ने पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर कई बार बातचीत की है।
 
रूस के साथ अपनी मजबूत दोस्ती को इंगित करते हुए भारत ने अभी तक यूक्रेन पर मास्को के आक्रमण की निंदा नहीं की है। भारत यह कहता रहा है कि संकट को कूटनीति और बातचीत के माध्यम से हल किया जाना चाहिए। रूस में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद मोदी ऑस्ट्रिया के लिए रवाना होंगे। यह, विगत 40 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की वहां की पहली यात्रा होगी। (भाषा)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala