सम्बंधित जानकारी
- मायावती बोलीं- सीटों के लिए नहीं मांगेंगे 'भीख', सम्मानजनक जीत पर ही महागठबंधन में होंगे शामिल
- सीताराम येचुरी ने कहा, लोकसभा चुनाव के लिए महागठबंधन संभव नहीं
- मध्यप्रदेश : बसपा, सपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का बना महागठबंधन, आधिकारिक ऐलान बाकी
- मोदी-शाह और आईएसआई के बीच महागठबंधन : रणदीप सुरजेवाला
- आसान नहीं होगा महागठबंधन, विपक्ष को एकजुट होना होगा : सिब्बल
नवीन पटनायक ने कहा, महागठबंधन में शामिल होने के लिए वक्त चाहिए...
नई दिल्ली। ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) प्रमुख नवीन पटनायक ने मंगलवार को यहां कहा कि विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल होने के विषय पर फैसला उनकी पार्टी बाद में करेगी क्योंकि उसे अपने निर्णय को ठोस रूप देने के लिए कुछ वक्त चाहिए।
धान के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाने की मांग को लेकर यहां बीजद के धरना में भाग लेते हुए पटनायक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2014 के अपने चुनाव घोषणा पत्र में इस बारे में वादा करने के बावजूद इस मांग की अनदेखी की।
महागठबंधन में शामिल होने के बारे में उनकी पार्टी का रुख पूछे जाने पर पटनायक ने कहा, हमें कुछ वक्त लगेगा और इस बारे में विचार करेंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने ओडिशा में अपना आधार बढ़ाने की कोशिश तेज कर दी है जहां 2014 के आम चुनाव में पार्टी ने 21 लोकसभा सीटों में मात्र एक पर जीत हासिल की थी।
बीजद ने 20 सीटें जीती थीं जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी। भगवा पार्टी राज्य में 2017 में हुए पंचायत चुनाव में भारी जीत हासिल करने के बाद बीजद को वहां सत्ता से बेदखल करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है।
दिलचस्प है कि पिछले साल अगस्त में राज्यसभा के उपसभापति के लिए हुए चुनाव में बीजद के नौ सांसदों ने राजग उम्मीदवार हरिवंश नारायण सिंह के समर्थन में वोट डाला था।
