मंगलवार, 22 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Narendra Modi on terrorism in Mann ki baat
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , रविवार, 26 नवंबर 2017 (13:07 IST)

मुंबई हमले के 9 साल, मन की बात में आतंकवाद पर मोदी का बड़ा हमला

मुंबई हमले के 9 साल, मन की बात में आतंकवाद पर मोदी का बड़ा हमला - Narendra Modi on terrorism in Mann ki baat
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुंबई में 9 साल पहले आज ही के दिन हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विश्व समुदाय की मानवतावादी शक्तियों से एकजुट होकर आतंकवाद से मुकाबला करने का आह्वान किया है।
 
मोदी ने आकाशवाणी से रविवार को प्रसारित 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवादियों ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई पर हमला  बोल दिया था। उन्होंने इस हमले में जान गंवाने वाले बहादुर नागरिकों तथा पुलिस एवं सुरक्षाकर्मियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश उनके बलिदान को कभी भूल नहीं सकता है। 
 
मोदी ने कहा कि आतंकवाद ने विश्व की मानवता को ललकारा है और वह मानवीय शक्तियों को नष्ट करने पर तुला है और इसलिए विश्व की सभी मानवतावादी शक्तियों को एकजुट होकर इसे पराजित करना होगा।
 
उन्होंने कहा कि आतंकवाद और उग्रवाद सामाजिक ताने-बाने को कमजोर कर उन्हें छिन्न-भिन्न करने की नापाक कोशिश करते हैं। इसलिए यह समय की मांग है कि मानवतावादी शक्तियां इसे लेकर जागरूक हों और सब मिलकर इसका मुकाबला करें। 
 
मोदी ने कहा कि आज विश्व के हर भू-भाग में आए दिन आतंकवादी हमले हो रहे हैं और इसने भयंकर रूप ले लिया है। भारत के लोग तो गत 40 वर्षों से आतंकवाद को झेल रहे हैं और हजारों बेगुनाह लोगों ने अपनी जानें गंवाई हैं। कुछ वर्ष पहले भारत जब दुनिया के सामने आतंकवाद की चर्चा करता था तो बहुत से लोग इसे गंभीरता से लेने को तैयार नहीं थे। लेकिन आज जब आतंकवाद उनके अपने दरवाजों पर दस्तक दे रहा है तब दुनिया की  हर सरकारों ने आतंकवाद को एक बहुत बड़ी चुनौती के रूप में देखना शुरू कर दिया है। 
 
मोदी ने कहा कि भारत की धरती से भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु नानक और महात्मा गांधी ने अहिंसा और प्रेम का संदेश दुनिया को दिया है। (वार्ता)