शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Monsoon likely to return in first week of September
Written By
Last Updated : शनिवार, 27 अगस्त 2022 (08:55 IST)

अब सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के वापसी की संभावना, जानिए राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

अब सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के वापसी की संभावना, जानिए राज्यों में कैसा रहेगा मौसम - Monsoon likely to return in first week of September
नई दिल्ली। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सितंबर के पहले सप्ताह में वापसी के चरण में प्रवेश करने की संभावना है, जो सामान्य तिथि से लगभग एक पखवाड़ा पहले होगा।
 
उत्तरप्रदेश में मानसून के आगमन से अब तक की स्थिति की बात करें तो प्रदेश के अधिकतर जिलों में 40 फीसदी ही बारिश दर्ज की गई है। राज्य में जुलाई तक निर्धारित बारिश के लक्ष्य से कम बारिश के कारण किसानों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
 
झारखंड के कुछ जिलों में हल्‍की बारिश की संभावना है। ओडिशा में 2 दिन तक भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। बिहार के कुछ जिलों में 27-28 अगस्त को मध्यम से तेज वर्षापात, वज्रपात एवं मेघगर्जन को लेकर अलर्ट जारी किया है, इसमें पश्चिम चम्पारण जिला भी शामिल है।
 
दिल्ली का मौसम : दिल्ली में शुक्रवार को मौसम गर्म और उमसभरा रहा वहीं अधिकतम आर्द्रता 87 प्रतिशत दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए अपने पूर्वानुमान में बताया है कि तेज हवाएं चलने के साथ ही आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
 
ओडिशा में महानदी और सुवर्णरेखा नदी घाटियों में आई बाढ़ की मार के बाद मौसम विभाग ने राज्य में शुक्रवार रात और शनिवार को भारी बारिश के आसार जताए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में कहा कि ओडिशा में 2 दिन की अवधि के दौरान भारी बारिश की आशंका है।

 
कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों पर बना हुआ है। संबद्ध चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी तक फैला हुआ है। दक्षिण झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र औसत समुद्र तल से 4.5 तक बना हुआ है।
 
मानसून की ट्रफ रेखा पाकिस्तान के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, पिलानी, बरेली, गोरखपुर, पटना, खड़गपुर, दीघा से होते हुए पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। दक्षिण तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्र में औसत समुद्र तल से लगभग 5।8 किमी ऊपर सर्कुलेशन बना हुआ है।
 
स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या 2 स्थानों पर भारी बारिश हुई।
 
अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु के हिस्से, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या 2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम सहित पूर्वोत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
 
पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी मध्यप्रदेश, पूर्वी और मध्य उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, विदर्भ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, रायलसीमा, आंध्रप्रदेश और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पश्चिम मध्यप्रदेश, पश्चिमी उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र के शेष हिस्सों, जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में हल्की बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा और दक्षिण राजस्थान में एक या 2 स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।