खरगे के विवादित बयान पर भड़की भाजपा, देश भर में विरोध प्रदर्शन का एलान
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी पर देश में सियासी बवाल मच गया। भाजपा ने इस मामले में देशभर में प्रदर्शन का एलान किया है। भाजपा की मांग है कि खरगे अपने बयान के लिए बिना शर्त माफी मांगें। ALSO READ: पटना में खरगे के बयान पर सियासी घमासान, भाजपा नेताओं ने भी किया पलटवार, क्या बोले राजनाथ और अमित शाह?
भाजपा ने अपने सभी राज्य मुख्यालयों और विभिन्न जिला केंद्रों पर शांतिपूर्ण लेकिन कड़ा विरोध प्रदर्शन करने का निर्देश दिया है। भाजपा नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री के परिवार और पद की गरिमा पर व्यक्तिगत हमला बताते हुए खरगे से बिना शर्त माफी की मांग की है।
पटना के कार्यक्रम में क्या हुआ?
यह पूरा विवाद बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में खरगे के भाषण के बीच एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसी बात का जवाब देते हुए खरगे ने कहा कि मोदी के बाप भी चले जाएंगे। भाजपा ने प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक बताया और इसे लेकर विरोध शुरू कर दिया। ALSO READ: पटना में मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में मचा हंगामा, PM मोदी के जिक्र पर युवक की क्यों हुइ पिटाई?
कांग्रेस ने शर्म की सारी हदें पार कर दीं!
भाजपा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, कांग्रेस ने शर्म की सारी हदें पार कर दीं! पहले मल्लिकार्जुन खड़गे ने मर्यादा तोड़ी, अब भूपेश बघेल उनके बयान का बचाव कर रहे हैं। क्या प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता पर अपमानजनक टिप्पणी करना ही कांग्रेस के संस्कार हैं?
पार्टी ने सवाल किया कि अपमानजनक भाषा को बोलने का तरीका बताकर बचाना कैसी राजनीति है? मोदी जी के दिवंगत माता-पिता के अपमान का बचाव ही कांग्रेस की मर्यादा है? क्या गांधी-नेहरू परिवार की चाटुकारिता में अब हर विवादित बयान का समर्थन जरूरी है?
भाजपा ने कहा कि राजनीतिक विरोध कीजिए, लेकिन दिवंगत माता-पिता के सम्मान को अपनी घटिया राजनीति का हथियार मत बनाइए। देश सब देख रहा है। 140 करोड़ भारतीय अपने बुजुर्गों का अपमान करने वालों को कभी माफ नहीं करेंगे!

