शनिवार, 19 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi air Pollution increased
Last Modified: शुक्रवार, 18 अक्टूबर 2024 (07:34 IST)

चौथे दिन भी दिल्ली की हवा जहरीली, 13 निगरानी केंद्रों पर संकेतक रेड जोन में

चौथे दिन भी दिल्ली की हवा जहरीली, 13 निगरानी केंद्रों पर संकेतक रेड जोन में - Delhi air Pollution increased
Delhi Pollution news : दिल्ली वासियों को लगातार चौथे दिन गुरुवार को भी खराब वायु गुणवत्ता का सामना करना पड़ा और राष्ट्रीय राजधानी में 13 निगरानी केंद्रों पर संकेतक रेड जोन में रहे।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 13 (वायु गुणवत्ता) निगरानी केंद्रों -- अशोक विहार, द्वारका सेक्टर 8, पटपड़गंज, पंजाबी बाग, रोहिणी, बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, मुंडका, नरेला, ओखला फेज 2, शादीपुर और विवेक विहार -- में रीडिंग 300 से ऊपर दर्ज की गई। समग्र वायु गुणवत्ता लगातार चौथे दिन भी खराब श्रेणी में रही तथा शाम 4 बजे 24 घंटे की औसत रीडिंग 285 दर्ज की गई।
 
मौसम विभाग के अनुसार, शहर में दिनभर बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार ने पहले ही ग्रेप 1 की पाबंदियां लागू कर दी गई है। शहर में पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध है। 
 
गुरुवार को सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत और 55 प्रतिशत के बीच रही, जबकि न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
मौसम विभाग ने शुक्रवार को आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान किया है तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 35 डिग्री सेल्सियस और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
 
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 तक को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक को ‘मध्यम’, 201 से 300 तक को ‘खराब’, 301 से 400 तक को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 तक को ‘गंभीर’ श्रेणी का माना जाता है। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
photo source : file photo 
ये भी पढ़ें
कौन था खान यूनिस का कसाई याह्या सिनवार, इजराइल क्यों मानता था दुश्मन नंबर 1?