1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Aadhar card, mobile phone, SIM

जानिए, सिम कार्डों के सत्यापन के लिए सरकार ने क्या किए उपाय

Aadhar card
नई दिल्ली। आधार कार्ड के जरिए मौजूदा मोबाइल फोन ग्राहकों के पुन: सत्यापन की प्रक्रिया को अधिक सुगम और सुविधाजनक किया रहा है। एक आधिकारिक सूत्र ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
दूरसंचार ग्राहकों के लिए पूरी प्रक्रिया को सुगम करने के लिए सरकार ने कई उपाय किए हैं। इनमें उपभोक्ता के घर के दरवाजे पर पुन: सत्यापन की अनुमति के अलावा एक बारगी पासवर्ड (ओटीपी) के जरिए भी सत्यापन शामिल है।
 
सूत्रों ने कहा कि दूरसंचार ऑपरेटरों को विकलांग, बीमार या उम्रदराज लोगों को घर पर पुन: सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा ऑपरेटरों से वेबसाइट और अन्य माध्यमों से ऑनलाइन व्यवस्था भी स्थापित करने को कहा गया है जिससे लोग इस तरह की सेवा के लिए आग्रह भेज सकें।
 
इसके अलावा मौजूदा मोबाइल ग्राहकों के लिए आधार ओटीपी आधारित पुन: सत्यापन की सुविधा भी शुरू की गई है। दूरसंचार ऑपरेटरों को निर्देश दिया गया है कि वे मोबाइल ग्राहकों के लिए ओटीपी आधारित पुन: सत्यापन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है। ऑपरेटरों को इसके लिए एसएमएस या आईवीआरएस या उनके मोबाइल एप का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
 
सूत्र ने कहा कि इसका आशय है कि यदि एक मोबाइल नंबर आधार डेटाबेस में पंजीकृत है, तो ओटीपी तरीके का इस्तेमाल उस नंबर के पुन: सत्यापन के अलावा संबंधित ग्राहक के अन्य नंबरों के सत्यापन के लिए भी किया जा सकता है। 
 
सूत्र ने बताया कि करीब 50 करोड़ मोबाइल नंबर पहले ही आधार डेटाबेस में पंजीकृत हैं। इन सभी मामलों में पुन: सत्यापन के लिए ओटीपी का इस्तेमाल किया जा सकता है। (भाषा) 
अगला लेख
डोनाल्‍ड ट्रंप और शिंजो आबे के साथ गोल्फ खेलेंगे मत्सुयामा