शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 2 people died during Rath Yatra in Odisha
Last Updated : सोमवार, 8 जुलाई 2024 (15:41 IST)

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान 2 लोगों की मौत, 130 से अधिक घायल

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान 2 लोगों की मौत, 130 से अधिक घायल - 2 people died during Rath Yatra in Odisha
Rath Yatra of Lord Jagannath: पुरी (ओडिशा) में भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) की रथयात्रा (Rath Yatra) के दौरान 2 अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई और 130 से अधिक घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पुरी में रथयात्रा के दौरान रविवार को भगदड़ जैसी स्थिति में बोलांगीर जिले के एक निवासी की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई।
 
सेंट जॉन एम्बुलेंस सेवा के अधिकारी सुशांत कुमार पटनायक ने कहा कि जब उसे एम्बुलेंस में ले जाया गया तो उसकी नब्ज चल रही थी। हम उसे अस्पताल ले गए और उसे सीपीआर दिया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार भगवान बलभद्र का रथ खींचते समय ग्रैंड रोड पर श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों उसे मृत घोषित कर दिया।

 
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दु:ख प्रकट किया : इस घटना दु:ख प्रकट करते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायल श्रद्धालुओं का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
 
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में रविवार को झारसुगुड़ा जिले में रथयात्रा के दौरान 1 श्रद्धालु की कथित तौर पर रथ के पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। यह हादसा जिले के कुकुजंघा गांव में हुआ। मृतक की पहचान श्याम सुंदर किशन (45) के रूप में हुई है। रथ खींचते समय वह नीचे गिर गया और रथ का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। उसे तुरंत जिला मुख्यालय के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 
पुरी जिले के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रथयात्रा के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों सहित 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं। स्वास्थ्य सेवा निदेशक विजय महापात्रा ने बताया कि पुरी में 600 से अधिक लोग अस्पताल और चिकित्सा शिविरों में पहुंचे। हालांकि करीब 130 लोगों को ही भर्ती किया गया है। उन्होंने कहा कि रथयात्रा के दौरान अस्पताल में इस तरह लोगों का भर्ती होना सामान्य बात है। घायलों में से किसी की हालत बेहद गंभीर नहीं है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
NEET-UG सुनवाई, क्या रद्द होगी परीक्षा, सुप्रीम कोर्ट ने की तीखी टिप्पणियां