भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का विवादित बयान,कहा मिसाइल छोड़ों तो काजी कैंप पर गिरे, बाद में दी सफाई
भोपाल। अपने बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा एक बार फिर विवादों में है। रविवार रात करोंद में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने भाषण में कहा कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे। बयान का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर भाजपा विधायक पर निशाना साधा है।
रविवार को करोंद चौराहे पर मटकी फोड़ के आयोजन में विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मोदी जी ने सर्जिकल स्ट्राइक की। जब हिंदुस्तान में लोग कहते थे कि सुई बनाना नहीं जानते, तो मोदी ने कहा कि मिसाइल बनाएंगे। तुम करोंद के चौरहे पर खड़े होकर मिसाईल लगाओ और कांजी कैंप पर गिरा दो। दरअसल, काजी कैम्प पुराने भोपाल का एक इलाका है और वहां पर मु्स्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते है। वहीं जब विधायक के बयान पर लोग ताली बजाने लग तो रामेश्वर ने कहा मैंने यहां वाला काजी कैंप नहीं, इस्लामाबाद वाला काजी कैंप बोला था।
वहीं इस बयान पर विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान में भोपाल के काजी कैंप का संदर्भ नहीं था, बल्कि वे पाकिस्तान के संदर्भ में बात कर रहे थे। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि उनके भाषण का आशय इस्लामाबाद से था।
कांग्रेस ने विधायक की सफाई पर भी सवाल उठाए हैं। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने फिजा बिगाड़ने वाला बयान बताया है। उन्होंने कहा कि विधायक रामेश्वर शर्मा ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है. इस तरह का बयान भोपाल की फिजा के लिए ठीक नहीं है। वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता अब्बास हाफिज की ओर से ये सवाल उठा है कि विधायक रामेश्वर शर्मा को ये भी स्पष्ट करना चाहिए कि वे किस काजी कैम्प की बात कर रहे हैं. इस्लामाबाद में तो कोई काजी कैम्प है ही नहीं. क्या सरकार विधायक पर कोई कार्रवाई करेगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि बयान पाकिस्तान के संदर्भ में था तो इस्लामाबाद में काजी कैंप कहां है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से भोपाल के एक इलाके का नाम लेकर इस तरह की टिप्पणी करना सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है।
