कमलनाथ को मप्र की कमान, चार कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर चल रही गहमागहमी के बीच कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता कमलनाथ को गुरुवार को प्रदेश की कमान सौंप दी। लोकसभा में पार्टी के सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही पार्टी ने चार वरिष्ठ नेताओं बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू पटवारी तथा सुरेंद्र चौधरी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अब तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे अरुण यादव की प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने गोवा के लिए भी नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्त की है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता गिरीश चांदनकर को गोवा प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी है। चांदनकर को शांताराम नाइक के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने कहा है कि नाइक ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी की मजबूती के लिए कठिन परिश्रम किया।
कांग्रेस ने अपना जीवित कमल उतारा : मध्यप्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कमलनाथ को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने जीवित कमल को मैदान में उतारा है।
mgid
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कि ये कमल भाजपा के कमल को मुरझा देगा। इंदौर के राऊ से विधायक पटवारी ने यहां अपने कार्यालय पर कहा कि कमलनाथ का अनुभव और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मेहनती कार्यशैली से निश्चित ही कांग्रेस आमजन के दुख-दर्द को दूर करने की राह तक पहुंचेगी।
aniview
उन्होंने कमलनाथ की नियुक्ति को भाजपा द्वारा कांग्रेस की हार का द्वार संबंधी बयान पर कहा कि हर राजनीतिक दल को अपनी टीम चुनने का अधिकार हैं। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा का भय किसी से छुपा हुआ नहीं है। भयग्रस्त भाजपा को प्रतिद्वंद्वी को कुछ भी कहने की जगह अपने दल की बात कहनी चाहिए। (वार्ता)