1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. dr-ashok-bhargava-appointed-state-commissioner-scouts

डॉ. अशोक भार्गव मध्य प्रदेश के स्टेट कमिश्नर स्काउट्‍स नियुक्त

Dr Ashok Bhargava IAS
डॉ. अशोक कुमार भार्गव (आईएएस) पूर्व कमिश्नर रीवा एवं शहडोल संभाग को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नेशनल चीफ कमिश्नर,नई दिल्ली डॉ. केके खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश का स्टेट कमिश्नर ऑफ स्काउट्स, एआर नियुक्त किया है।
 
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली से जारी नियुक्ति प्राधिकार पत्र में डॉ. भार्गव का कार्यकाल भारत स्काउट्स गाइड्स, मध्य प्रदेश की राज्य परिषद के कार्यकाल पर्यन्त रहेगा। उल्लेखनीय है कि डॉ. भार्गव पूर्व में रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के मुख्य जिला कमिश्नर स्काउट्स एवं मध्य प्रदेश भारत स्काउटस गाइड्स, मुख्यालय के सहायक राज्य आयुक्त स्काउट्स और मुख्यालय आयुक्त भी रह चुके हैं। इसके साथ ही डॉ. भार्गव ने भारत स्काउट गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के निर्देश पर बेसिक कोर्स फार कमिश्नर्स, चंडीगढ़ से तथा एडवांस कोर्स फार कमिश्नर्स, राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्थान, पचमढ़ी से सफलतापूर्वक संपन्न किया है।
 
डॉ. भार्गव को अनेक राज्य और जिला स्तरीय रैलियों के संचालन का विशद अनुभव है। डॉ. भार्गव खुर्दा, उड़ीसा में आयोजित सार्क देशों की तीसरी एवं तेरहवीं नेशनल जंबूरी में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। डॉ. भार्गव ने अपने प्रशासकीय कार्यकाल के दौरान विभिन्न जिलों और संभागों में विधिवत स्काउट्स प्रशिक्षण कैंपस एवं संभागीय कार्यशालाओं के आयोजन के साथ ही समाज में स्काउट्स के प्रति व्यापक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से स्काउट्स गाइड्स की गतिविधियों को सशक्त और समृद्ध बनाने में अहम भूमिका सुनिश्चित की है।
 
डॉ. भार्गव उज्जैन के सिंहस्थ 2004 में असाधारण उत्साह और उच्च कोटि की सेवाओं हेतु मप्र के राज्यपाल द्वारा मेडल ऑफ मेरिट से तथा सिंहस्थ 2016 में भी अत्यंत विनम्र एवं समर्पण भाव से प्रदत्त निस्वार्थ सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सिंहस्थ सेवा पदक से अलंकृत किए गए हैं। डॉ. अशोक कुमार भार्गव की पिछले 36 वर्षों से स्काउट आंदोलन के प्रति निष्ठा, समर्पण भाव और आंदोलन को विस्तारित करने की उनकी सक्रियता अत्यंत प्रशंसनीय रही है इस हेतु मध्य प्रदेश के राज्यपाल महोदय ने डॉ. भार्गव को धन्यवाद बैज से भी सम्मानित किया है।

डॉ.भार्गव प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में स्काउट गाइड आंदोलन को प्रेरित और प्रोत्साहित करते रहे हैं। डॉ.भार्गव को मप्र का स्टेट कमिश्नर स्काउट्स नियुक्त किए जाने पर मध्य प्रदेश भारत स्काउट गाइड्स के स्टेट चीफ कमिश्नर अशोक अर्गल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. भार्गव को हार्दिक बधाई प्रेषित की है।
अगला लेख
हाईकोर्ट से झटके के बाद भी नेहा बोरा अड़ीं, पीस बॉन्ड पर नहीं करेंगी साइन, बताई बड़ी वजह