1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. मध्यप्रदेश
  4. BJP mungavali bypoll election

प्रत्याशी का नाम तय होते ही भाजपा में बगावत

mungavali bypoll election
अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम तय करके केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने की खबर मिलते ही भाजपा में बगावत हो गई। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मलकीत सिंह ने यह सूचना मिलते ही भाजपा उपाध्यक्ष प्रभात झा पर हमला बोल दिया है।
 
अशोकनगर जिले में भाजपा के वरिष्ठ नेता सिंह ने प्रत्याशी के तौर पर पूर्व विधायक स्वर्गीय देशराज सिंह यादव की पत्नी बाईसाहब यादव का नाम सामने आते ही पार्टी में खुलकर बगावत कर दी। सिंह ने सीधे तौर पर झा पर प्रहार हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया है। सिंह ने झा के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट भी वायरल कर दी।
 
मीडिया से बात करते हुए सिंह ने आरोप लगाया कि झा की कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलीभगत है और वे नहीं चाहते कि शिवराज सिंह चौहान चौथी बार मुख्यमंत्री बनें।
 
मुंगावली से पूर्व विधायक के परिजन को टिकट देने पर सवालिया निशाना दागते हुए उन्होंने कहा कि 1990 से अब तक एक ही परिवार को टिकट दिया जाना गलत है। अगर श्रीमती यादव के अलावा किसी और को टिकट दिया जाता, तो वे बगावत नहीं करते।
 
जिले में मलकीत सिंह को भाजपा के बड़े चेहरे के तौर पर देखा जाता है। वे लगभग तीन दशकों से पार्टी में सक्रिय हैं और संगठन में कई पदों पर रहते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं उनकी पत्नी भी जिला पंचायत की सदस्य रह चुकी हैं।
 
भाजपा ने भोपाल में मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए श्रीमती बाईसाहब यादव और शिवपुरी जिले के कोलारस के लिए देवेंद्र जैन के नाम प्रत्याशियों के रूप में तय कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेज दिए हैं और अब इस संबंध में सिर्फ औपचारिक घोषणा शेष है। (वार्ता) 
अगला लेख
अमेरिका को विभाजनकारी स्थिति से बाहर निकालना चाहते हैं ट्रंप