शुक्रवार, 20 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. PM Modi attacks rahul gandhi in muraina
Last Updated : गुरुवार, 25 अप्रैल 2024 (12:40 IST)

राहुल पर पीएम मोदी का पलटवार, शहजादे को मोदी के अपमान में मजा आता है

narendra modi
PM Modi in Muraina : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यप्रदेश के मुरैना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के शहजादे को मोदी का अपमान करने में मजा आता है। उन्होंने कहा कि क्या ऐसी भाषा सही है?

पीएम मोदी ने कहा कि इन दिनों कांग्रेस के शहजादे को आए दिन मोदी का अपमान करने में मजा आ रहा है। वो कुछ भी बोलते जा रहे हैं। इससे कुछ लोग दुखी हैं कि देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का प्रयोग क्यों किया जा रहा है। मेरी सबसे विनती है कि कृपया करके आप दुखी मत होइए, गुस्सा मत कीजिए, आपको पता है कि वे नामदार हैं और हम कामदार हैं। हम काम करने के लिए पैदा हुए हैं। सब सहते हुए हम देश की सेवा करेंगे।

कांग्रेस राज में बंधे थे जवानों के हाथ पैर : उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए देश से बड़ा और कुछ भी नहीं है। लेकिन, कांग्रेस के लिए अपना परिवार ही सबकुछ है। कांग्रेस की पॉलिसी है, जो देश के लिए सबसे ज्यादा योगदान, मेहनत और समर्पण करे, उसे सबसे पीछे रखो। इसलिए, कांग्रेस ने इतने वर्षों तक सेना के जवानों की One Rank-One Pension जैसी मांग पूरी नहीं होने दी। हमने सरकार बनते ही One Rank-One Pension को लागू किया।
 
उन्होंने कहा कि हमने सीमा पर खड़े जवानों की सुविधा की भी चिंता की। कांग्रेस सरकार ने जवानों के जो हाथ बांध रखे थे, हमनें उन्हें भी खुली छूट दे दी।
 
कर्नाटक में सभी मुस्लिम OBC : प्रधानमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस एक बार फिर कुर्सी के लिए छटपटा रही है। कुर्सी पाने के लिए भांति-भांति के खेल, खेल रही है। ये लोग फिर से धार्मिक तुष्टीकरण को मोहरा बना रहे हैं। कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। इन्होंने कर्नाटक में जितने भी मुस्लिम समाज के लोग हैं, उन सभी को OBC घोषित कर दिया है। यानी वहां कांग्रेस ने शिक्षा और  सरकारी नौकरी में पहले जिन OBC लोगों को आरक्षण मिलता था, उस OBC समाज में इतने सारे नए लोग डाल दिए कि उन्हें जो आरक्षण मिलता था, वो उनसे चोरी छिपे छीन लिया।
 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, दलितों का, पिछड़ों का, आदिवासियों का हक छीनने का षड्यंत्र लंबे समय से कर रही है।
19 दिसंबर, 2011 को तब की कांग्रेस की केंद्र सरकार धर्म के नाम पर आरक्षण देने का एक नोट कैबिनेट में लेकर आई थी। इस कैबिनेट नोट में कहा गया था कि OBC समाज को जो 27% आरक्षण मिलता है, उसका एक हिस्सा काटकर, मजहब के नाम पर दिया जाएगा। सिर्फ 2 दिन बाद 22 दिसंबर, 2011 को इसका आदेश भी निकाल दिया गया। बाद में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने कांग्रेस सरकार के इस आदेश को रद्द कर दिया। ये सुप्रीम कोर्ट गए, लेकिन राहत नहीं मिली।
‍भाजपा ने किया विकास : पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने MP को बीमारू राज्यों की लाइन में खड़ा कर दिया था। भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के बनाए गड्ढों को भरने के बाद मध्य प्रदेश और चंबल को नई और गौरवपूर्ण पहचान दिलाई है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में हुए विकास को भिंड, मुरैना, ग्वालियर के वो लोग और ज्यादा अनुभव कर रहे हैं, जिन्होंने कांग्रेस का काला दौर देखा है। 4 जून के बाद हमारे मुख्यमंत्री मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का विकास और स्पीड पकड़ने जा रहा है।
Edited by : Nrapendra Gupta 
ये भी पढ़ें
Live Updates : पीएम मोदी और राहुल के बयान का EC ने लिया संज्ञान, पार्टी अध्यक्षों से मांगा जवाब