1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. 3 Expensive Bats Stolen From Deepak Chahar Kit During Practice Session in Agra

दीपक चहर के 1.5 लाख के बैट चोरी, बोले- पुलिस में जाऊं या योगी जी-मोदी जी से लगाऊं गुहार? [VIDEO]

Deepak Chahar
भारतीय क्रिकेटर दीपक चहर के साथ आगरा में एक ऐसा मामला हुआ है, जिसने उन्हें भी हैरान कर दिया। प्रैक्टिस के दौरान उनके तीन प्लेयर-एडिशन क्रिकेट बैट चोरी हो गए। इन तीनों बैट की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
 
मामला आगरा के चहर-डावर क्रिकेट ग्राउंड का है, जहां दीपक प्रैक्टिस करने पहुंचे थे। बैट चोरी होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया और बेहद दिलचस्प अंदाज में लोगों से पूछा कि अब उन्हें आगे क्या करना चाहिए।
 
 प्रैक्टिस के बीच गायब हुए 3 बैट, कीमत करीब डेढ़ लाख
 
दीपक चाहर के पिता और कोच लोकेंद्र चाहर आगरा में चाहर-डावर ग्राउंड के नाम से क्रिकेट अकादमी चलाते हैं। बताया गया कि दीपक अभ्यास के दौरान अपनी क्रिकेट किट ग्राउंड पर रखकर गेंदबाजी की प्रैक्टिस कर रहे थे।
 
करीब एक घंटे बाद जब वह बल्लेबाजी की तैयारी करने के लिए अपने बैट लेने पहुंचे, तो तीनों बैट गायब थे। दीपक के मुताबिक ये सामान्य क्रिकेट बैट नहीं, बल्कि प्लेयर-एडिशन बैट थे और तीनों की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है।
 
दीपक ने सोशल मीडिया वीडियो में यह भी कहा कि जिसने बैट लिए हैं, संभव है उसे उनकी असली कीमत का अंदाजा ही न हो। उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि चोर चाहे तो बैट वापस कर दे, बदले में वह उसे पैसे देने को तैयार हैं।
 'पुलिस में जाऊं या योगी जी-मोदी जी से कहूं?'
 
बैट चोरी होने के बाद दीपक चाहर ने अपने फॉलोअर्स के सामने कुछ विकल्प भी रखे। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें पुलिस में शिकायत करनी चाहिए, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगानी चाहिए या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक अपनी बात पहुंचानी चाहिए।
 
दीपक ने यह भी मजाक में कहा कि चोर इन महंगे बैट का क्या करेगा—उन्हें बेच देगा या फिर टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलेगा। उनका कहना था कि अगर चोर को पैसों की जरूरत थी तो वह उनसे मांग सकता था।

क्रिकेटर ने बैट वापस करने की अपील करते हुए कहा कि अगर चोरी करने वाला उन्हें लौटा देता है तो वह उसे पैसे देने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने बैट बनाने वाली कंपनी से अतिरिक्त बैट मांगने का विकल्प भी मजाकिया अंदाज में सामने रखा।
 
फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक घटना के समय तक औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई थी। दीपक चाहर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है और उनके 'योगी जी या मोदी जी' वाले अंदाज ने लोगों का खास ध्यान खींचा है।
 
दीपक चाहर ने भारत के लिए 13 वनडे और 25 टी20 इंटरनेशनल खेले हैं। वनडे में उनके नाम 16 और टी20 इंटरनेशनल में 31 विकेट हैं। उनका आखिरी वनडे मुकाबला दिसंबर 2022 में और आखिरी टी20 इंटरनेशनल दिसंबर 2023 में आया था।
 
लेखक के बारे में
कृति शर्मा
कृति शर्मा एक पैशनेट स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और डिजीटल कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें वेबदुनिया के साथ लगभग 3 साल का अनुभव है।  अपने करियर की शुरुआत उन्होंने पॉकेट एफएम में स्क्रिप्ट राइटर के तौर पर की थी। इंदौर के रेनैसां कॉलेज से BAJMC और  देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म.... और पढ़ें
अगला लेख
एथलेटिक्स में फिर कमाल, गुलवीर और श्रीशंकर ने जीता रजत तो पारुल विंध्या को कांस्य