श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर बड़ी साजिश नाकाम — संदिग्ध IED को सुरक्षाबलों ने किया डिफ्यूज
जम्मू कश्मीर में श्रीनगर-बारामूला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को सड़क के किनारे एक संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और संदिग्ध पैकेट में मौजूद उस आईईडी को नष्ट कर दिया, जिसे किसी बड़ी आतंकी साजिश के तहत प्लांट किया गया था।
बारामूला के नारबल इलाके में सुरक्षाबलों को आज सुबह हाईवे के किनारे गश्त के दौरान एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। खतरे की आशंका को देखते हुए जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर दोनों ओर से ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया गया। इस कारण वाहनों की हाईवे पर लंबी कतार लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए संदिग्ध वस्तु की जांच की गई और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस बीच सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षा का खास ध्यान रखा।
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। सेना और पुलिस की संयुक्त टीमें ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से इलाके की बारीकी से जांच कर रही हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और विस्फोटक तो नहीं छिपाया गया है।
edited by : Nrapendra Gupta