सम्बंधित जानकारी
- IPL 2019 : सुपर संडे को होगा प्लेऑफ की चौथी टीम और शीर्ष टीम का फैसला
- IPL 2019 : सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार
- IPL 2019 : राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद मैच के हाईलाइट्स
- IPL 2019 : श्रेयस अय्यर बोले, काम अभी पूरा नहीं हुआ है
- IPL 2019 : उलटफेर के शिकार से बचने के लिए घर में प्लेऑफ का दावा पक्का करने उतरेगी दिल्ली
IPL 12, IPL 2019। धोनी ने हवा का रुख चेक करने के बाद ऋषभ पंत को आउट करवाया
विशाखापट्टनम। महेंद्र सिंह धोनी कितने चतुर कप्तान हैं, इसका सबूत शुक्रवार को आईपीएल-12 के दूसरे क्वालीफायर में चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच में मिल गया। धोनी ने चलते मैच में हवा का रुख चेक किया और 2 गेंद बाद ही दिल्ली के सबसे खतरनाक बल्लेबाज ऋषभ पंत की पारी का अंत कर डाला।
धोनी ने दिल्ली के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। चेन्नई के गेंदबाज 18 ओवर के भीतर 119 रनों के मामूली स्कोर पर दिल्ली के 7 विकेट हजम कर चुके थे। क्रीज पर थे धुरंधर बल्लेबाज ऋषभ पंत।
धोनी के लिए सबसे जरूरी था कि ऋषभ का विकेट हासिल किया जाए, क्योंकि यही ऐसा सूरमा बल्लेबाज था, जो लंबे-लंबे शॉट्स खेलकर गेंदबाजों के धुर्रे बिखेर सकता था। ऋषभ 18 गेंदों पर हॉफ सेंचुरी भी लगा चुके हैं और यही बात धोनी को परेशान कर रही थी।
19वें ओवर के लिए धोनी ने गेंद दीपक चहर को थमाई। पहली 2 गेंदों पर पंत ने लंबे शॉट्स खेले तो चेन्नई के कप्तान परेशान हो गए। उन्होंने मैदान पर चल रही तेज हवा का रुख चेक करने के लिए मिट्टी उठाकर हवा में उड़ाई। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि धोनी कर क्या रहे हैं?
हवा की बहती दिशा देखकर धोनी ने फील्ड में बदलाव किया और नए तरीके से क्षेत्ररक्षण जमाया। धोनी के इस जाल में ऋषभ पंत फंस गए, क्योंकि 2 गेंद बाद 18.4 ओवरों में वे चहर की ही गेंद पर ब्रावो को कैच थमा बैठे। पंत ने छक्का लगाने की कोशिश की थी लेकिन हवा के विपरीत रुख के कारण गेंद लंबी दूर नहीं गई और ब्रावो ने उछलकर कैच लपक लिया।
पूरा स्टेडियम धोनी की इस चतुराई का कायल हो गया कि किस तरह उन्होंने अपने अनुभव का लाभ उठाकर ऋषभ पंत को 38 रनों के स्कोर पर पैवेलियन चलता किया। पंत ने 25 गेंदों पर यह पारी खेली जिसमें 2 चौके और 1 छक्का शामिल था। दिल्ली ने अपना 8वां विकेट 18.4 ओवरों में 125 रन पर गंवाया। यदि पंत को धोनी अपने चक्रव्यूह में नहीं फांसते तो हो सकता था कि दिल्ली सम्मानजनक स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो जाता।
अंतिम ओवर की अंतिम 3 गेंदों पर ईशांत शर्मा ने 1 चौका और 1 छक्का जड़ा जिससे दिल्ली किसी तरह 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 147 रन बनाने में सफल रहा। ईशांत 10 रन पर नाबाद रहे। (वेबदुनिया न्यूज)
