नाइजीरिया में आत्मघाती हमलों में 13 की मौत
(सांकेतिक चित्र)
माइदुगुरी (नाइजीरिया)। पूर्वोत्तर शहर माइदुगुरी में 3 आत्मघाती महिला हमलावरों के हमले में 13 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।
नाम उजागर न करने की शर्त पर सेना से जुड़े एक सूत्र ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहली हमलावर ने बोरनो राज्य की राजधानी में एक रेस्तरां के सामने रविवार रात स्थानीय समयानुसार रात 9 बजकर करीब 45 मिनट पर अपनी विस्फोटक बेल्ट में उस समय विस्फोट किया, जब लोग अपने लिए खाने का सामान खरीद रहे थे।
उग्रवादियों से मुकाबला करने वाले एक सशस्त्र समूह के मुखिया ने बताया कि अन्य 2 हमलावरों ने कुछ मिनट बाद विस्फोट से खुद को उड़ा लिया जिससे कई लोग घायल हो गए। ये हमले बोको हराम के कई सदस्यों को शहर के बाहर देखे जाने की खबरों के कुछ घंटे बाद हुए। हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है।
बोको हराम से जुड़े संघर्षों में वर्ष 2009 से अभी तक कम से कम 20,000 लोग मारे गए हैं और 26 लाख से अधिक लोग अपने घर छोड़कर अन्यत्र जाने को मजबूर हुए हैं। माइदुगुरी की सड़कें यातायात के लिए खुली हैं लेकिन हमले की आशंका के चलते आगे जाने वाले वाहनों को सेना की ओर से मदद दी जा रही है। (भाषा)
mgid
aniview