1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Indore first mall Apollo Tower sealed there were no safety rule

इंदौर का पहला मॉल अपोलो टॉवर सील, 600 दुकानों के सैकड़ों कारोबारियों के धंधे पर असर, नहीं थे फायर सेफ्टी के इंतजाम

तीन महीने पहले दिया था नोटिस, फिर भी नहीं किए थे सेफ्टी के इंतजाम

Apollo Tower
इंदौर के साउथ तुकोगंज स्थित शहर की प्रमुख व्यावसायिक इमारत अपोलो टावर पर नगर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है। फायर सेफ्टी नियमों में कमियां दूर नहीं करने पर निगम की टीम बिल्डिंग को सील करने पहुंची। कार्रवाई की खबर मिलते ही टावर में संचालित दुकानों और ऑफिसों में अफरा-तफरी मच गई। अपोलो टावर में 600 से ज्यादा दुकानें और ऑफिस संचालित होते हैं, इसलिए कार्रवाई का सीधा असर सैकड़ों कारोबारियों पर पड़ा।

नगर निगम के मुताबिक अपोलो टावर प्रबंधन को करीब तीन महीने पहले फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियों को दूर करने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के मुताबिक करने के निर्देश दिए गए थे। निगम का कहना है कि तय समय बीतने के बावजूद जरूरी सुधार नहीं किए गए, जिसके बाद अब सीलिंग की कार्रवाई शुरू की गई है।

टीम पहुंचते ही मचा हड़कंप : फायर सेफ्टी को लेकर अपोलो टावर में कार्रवाई के लिए नगर निगम की टीम के पहुंचते ही दुकानदारों और ऑफिस संचालकों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग अपने प्रतिष्ठानों को बंद करने में जुट गए। अचानक हुई कार्रवाई के बीच टावर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कारोबारी अपना सामान समेटते नजर आए।

600 से ज्यादा दुकानें और ऑफिस पर असर : अपोलो टावर में 600 से अधिक दुकानें और ऑफिस संचालित होते हैं। पूरी बिल्डिंग पर सीलिंग की कार्रवाई होने से यहां कारोबार करने वाले सैकड़ों लोगों का काम प्रभावित हुआ है। कार्रवाई शुरू होने के बाद दुकानदारों ने अपने स्तर पर प्रतिष्ठान बंद किए और जरूरी सामान बाहर निकालने की कोशिश की।

इंदौर का पहला मॉल है अपोलो : साउथ तुकोगंज में स्थित अपोलो टावर इंदौर की पुरानी और प्रमुख व्यावसायिक इमारतों में शामिल है। इसे शहर का पहला मॉल भी कहा जाता है। लंबे समय से यहां अलग-अलग तरह की दुकानें और ऑफिस संचालित हो रहे हैं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में होने के कारण निगम की कार्रवाई चर्चा में है।
अगला लेख
CJP नेताओं की बढ़ी मुश्किल, हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, BJP नेता गौरव भाटिया ने मांगा 2 करोड़ का हर्जाना