1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Advait remains untraced on Day 7; search operation continues

7वें दिन भी नहीं मिला अद्वैत, 4500 फीट ऊंची पहाड़ियों में जारी सर्च ऑपरेशन, CDR और मेंटल हेल्‍थ की भी होगी जांच

Advait
बेंगलुरु के नेलामंगला स्थित करीब 4500 फीट ऊंची शिवगंगे पहाड़ियों में ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए इंदौर के 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय का सातवें दिन भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। अद्वैत की लगातार तलाश जारी है। सर्च ऑपरेशन में 100 से ज्‍यादा पुलिसकर्मी और SDRF के कर्मचारी लगे हुए हैं।

इस बीच पुलिस ने अद्वैत के फोन की सीडीआर यानी कॉल डिटेल और मैसेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। उन सारी बातों को टटोला जा रहा है, जिनमें उसकी दोस्‍तों, रिश्‍तेदारों और अन्‍य परिचितों से बात हो रही थी। मंगेतर के साथ उसके अन्य महिला मित्रों और परिचितों से हुए संपर्कों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। यहां तक कि उसकी मानसिक स्‍थिति को लेकर भी जांच पड़ताल की जा रही है।

कहीं पहाड़ी में फंसा तो नहीं : अब पुलिस ड्रोन के जरिए पहाड़ी के उन हिस्सों को भी खंगाल रही है, जहां रेस्क्यू टीमों का सीधे पहुंचना मुश्किल है। चप्पे-चप्पे की निगरानी कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं अद्वैत किसी दुर्गम हिस्से में फंसा तो नहीं है। DSP उमा रानी के साथ कई टीमें अद्वैत की तलाश और मामले की जांच में जुटी हैं।

महिला मित्रों की चैट खंगाल रही पुलिस : बेंगलुरु पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ जांच का दायरा भी बढ़ा दिया है। शांताला ड्रॉप के पास अद्वैत का मोबाइल और ड्रोन मिलने के बाद पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), SIM कनेक्शन, मंगेतर और महिला मित्रों से संपर्क के साथ ड्रोन की खरीद से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जोड़कर अद्वैत के लापता होने से पहले और बाद की पूरी टाइमलाइन तैयार कर रही है।

क्‍या अद्वैत के नाम दूसरा SIM जारी हुआ था : अद्वैत का मोबाइल शांताला ड्रॉप के पास मिला है। पुलिस मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल और उसमें मौजूद डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है। इसके साथ ही टेलीकॉम कंपनियों से यह जानकारी भी जुटाई जा रही है कि अद्वैत के नाम पर इस SIM के अलावा कोई दूसरा SIM जारी हुआ था या नहीं। पुलिस यह भी जांच रही है कि उसके नाम पर किसी दूसरे नंबर का कनेक्शन तो नहीं था या किसी अन्य व्यक्ति के नाम से जारी SIM का इस्तेमाल अद्वैत कर रहा था। इस पड़ताल का उद्देश्य उन संपर्कों तक पहुंचना है, जिनकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

बैग और स्वेटर मिला : बता दें कि रविवार को तलाशी अभियान के दौरान अद्वैत उपाध्याय का बैग और स्वेटर मिला था। अब पुलिस उसकी डिजिटल गतविधियों के आधार पर डिजिटल मूवमेंट की टाइमलाइन देख रही है। साथ ही पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि फोन बंद होने से कुछ समय पहले तक चालू था। ऐसे में सवाल है कि क्या उसका फोन किसी दूसरे के हाथ तो नहीं लग गया है।

अद्वैत की एक फोटो भी मिली : जांच के दौरान बेंगलुरु पुलिस को अद्वैत की एक फोटो मिली है, जिसे एक पर्यटक ने खींची थी। अद्वैत लापता तब हुआ है, जब वह 7 अगस्त को ट्रेकिंग के लिए शिवगंगे की पहाड़ियों पर गया था। उसके लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री बहुत कुछ बयां कर रही हैं। 4 अगस्त को भी पहाड़ी पर जाने की संभावना है। ऐसे में पुलिस उसकी डिजिटल गतिविधियों को खंगाल रही है।

एआई सर्च ने बढ़ाया सस्पेंस : बता दें कि अद्वेत ने एएआई से यह भी सवाल किया था कि पहाड़ी से गिरने के बाद इंसान जीवित कितनी देर तक रह सकता है। उसके शरीर पर क्या प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में संभावना है कि वह खुद भी नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस की जांच में ये सारे बिंदु हैं। इसके साथ ही पुलिस उसके कॉल डिटेल्स की जांच भी कर रही है। आखिर अद्वैत ने लापता होने से पहले किन-किन लोगों से बात की थी। उसके निजी संपर्कों और रिश्तों की जानकारी भी जुटा रही है।
अगला लेख
उत्तराखंड में बन रही देश की 5वीं साइंस सिटी, विज्ञान-तकनीक के क्षेत्र में बदलेगी राज्य की तस्वीर