वडोदरा में धूमधाम से मनाई गई सरदार पटेल जयंती, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने 'रन फॉर यूनिटी' को दिखाई हरी झंडी
भारत के स्वतंत्रता संग्राम के शिल्पकार और देश को अखंडता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूरे देश में भारी उत्साह के साथ जश्न मनाया जा रहा है। संस्कारी नगरी वडोदरा के ऐतिहासिक नवलखी ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 तथा 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। इस उत्सव में पूरा वडोदरा शहर देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्र भावना के रंग में रंगा हुआ नजर आया।
CM ने सरकार पटेल को दी पुष्पांजलि
इस राष्ट्रीय पर्व का आयोजन गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। नवलखी ग्राउंड पहुंचे मुख्यमंत्री का वडोदरा पुलिस बैंड की मधुर धुनों के बीच गार्ड ऑफ ऑनर देकर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रगान के पश्चात वडोदरा शहर के पुलिस आयुक्त नरसिम्हा कोमार ने उपस्थित सभी नागरिकों, अधिकारियों और युवाओं को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के दृढ़ संकल्प के साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
रन फॉर यूनिटी को दिखाई हरी झंडी
इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हरी झंडी दिखाकर 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ का शुभारंभ कराया। इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी और प्रेरणादायी विशेषता यह रही कि मुख्यमंत्री ने न केवल दौड़ को हरी झंडी दिखाई, बल्कि वे स्वयं भी अत्यंत उत्साह के साथ इस दौड़ में शामिल हुए। नागरिकों के बीच मुख्यमंत्री की उपस्थिति और उनकी सक्रिय भागीदारी ने दौड़ में भाग ले रहे युवाओं और नागरिकों में अद्भुत ऊर्जा, जोश और नया उत्साह भर दिया।
LIVE: વડોદરા ખાતે રાષ્ટ્રીય એકતા દિવસ 2026 સંદર્ભે આયોજિત 'રન ફોર યુનિટી' કાર્યક્રમ. #RashtriyaEktaDiwas2026 https://t.co/fvy2GKzVeQ
— Bhupendra Patel (@Bhupendrapbjp) October 31, 2026
रैैैली में युवाओं ने दिया खास संदेश
इस वर्ष आयोजित यह दौड़ केवल राष्ट्रीय एकता तक सीमित न रहकर सामाजिक जागरूकता का भी एक सशक्त माध्यम बनी। 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की मूल थीम पर आधारित इस आयोजन में युवाओं ने "Say No To Drugs, Say Yes To Life" के प्ले कार्ड्स के साथ भाग लेकर नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवन शैली का बुलंद संदेश दिया।
इस अवसर पर गुजरात विधानसभा के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) बालकृष्ण शुक्ला, मेयर गीताबेन मकवाना, वडोदरा शहर के विधायक, कलेक्टर अनिल धामेलिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जन प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

