सम्बंधित जानकारी
- LockDown : ऐसे तो कोरोना से जंग नहीं जीत पाएगा इंदौर
- लॉकडाउन में मलाइका अरोरा का हुआ ऐसा हाल, वीडियो शेयर कर बोलीं- खाना पकाओ, साफ-सफाई करो...
- लॉकडाउन की वजह से विदेश में फंसा यह साउथ एक्टर, 58 क्रू मैंबर भी साथ में
- कोरोना वायरस : PM मोदी के प्रयासों से प्रभावित होकर नवजात का नाम रख दिया LockDown
- महेश बाबू ने फैंस के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर महामारी के खिलाफ फैलाई जागरूकता
Lockdown में इंदौर नगर निगम की अनूठी पहल, कचरा गाड़ी लेगी राशन का ऑर्डर भी
इंदौर। इंदौर में टोटल लॉकडाउन के कारण खाने पीने की चीजों की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है क्योंकि सभी दुकानें बंद हैं। इस समस्या को हल करने के लिए एक अनूठी पहल की शुरुआत की जा रही है, जिसमें नगर निगम की कचरा गाड़ी अब राशन के ऑर्डर भी लेगी, ताकि कोरोना वायरस के कारण लोग घरों पर ही रहें।
संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आज किराना सामान, राशन एवं दूध की होम डिलीवरी से संबंधित बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में नगर निगम आयुक्त आशीष सिंह, उपायुक्त संदीप सोनी एवं रजनीश कसेरा, सांची दुग्ध संघ के संयुक्त संचालक द्विवेदी उपस्थित थे।
त्रिपाठी ने बताया कि, लोग घर में ही रहें एवं बाहर किसी भी दुकान पर भीड़ इकट्ठी न हो, इसके लिए प्रशासन होम डिलीवरी की सेवा शुरू कर रहा है। इसके तहत ऑर्डर देने पर सामान संबंधित के घर पहुंचाया जाएगा। शुरुआत में ज्यादा मांग होने के कारण 1 से 2 दिन का समय लग सकता है, जबकि बाद में कुछ घंटों में ही सामान घर पहुंच पहुंचाया जा सकेगा।
संभागायुक्त ने बताया कि इस प्रक्रिया में नगर निगम की डोर टू डोर जाने वाली कचरा गाड़ी के द्वारा ऑर्डर लिया जाएगा। लोग ऑर्डर देकर आवश्यकतानुसार राशन प्राप्त कर सकेंगे। लॉकडाउन तथा कर्फ्यू का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए यह कदम अति आवश्यक है। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग एवं लोग घर में रहें यह सुनिश्चित करना आवश्यक है लेकिन लोगों की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति करना भी प्रशासन का कर्तव्य है।
त्रिपाठी के अनुसार आवश्यक वस्तुएं जैसे आटा, दाल, चावल, तेल, दूध, शक्कर आदि उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि विपरीत परिस्थितियों में कम आवश्यकताओं में जीवन यापन कर, करोना संकट की लड़ाई में वे प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि, राशन की आपूर्ति के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि होलसेल विक्रेताओं के स्टॉक में कोई कमी ना हो। आलू प्याज भी किराने के सामान के साथ ही खरीदे जा सकेंगे तथा हरी सब्जियों की सप्लाई अभी नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त सामान क्रय करने की अपर लिमिट भी तय की जाएगी़ जिससे कि लोग ओवरस्टॉकिंग ना करें।
गरीब लोगों के लिए राशन की व्यवस्था : इंदौर में लॉकडाउन और कर्फ्यू के दौरान जरूरतमंद एवं गरीब लोगों को खाने-पीने की समस्या ना हो इसके लिए जिलाला प्रशासन और नगर निगम द्वारा व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम द्वारा सभी जरूरतमंदो को आवश्यक राशन सामग्री (आटा, दाल, चांवल, तेल, नमक, मसाले, आलू एवं प्याज) के पैकेट बनाकर वितरित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति, संस्था, संगठन, व्यापारी या उद्योगपति इसमें अपना सहयोग देना चाहे तो वे उपरोक्त में से कोई भी सामग्री दें सकते हैं। इसके लिए नगर निगम के इन अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है सुमित अस्थाना 7440443349, अभिषेक 7440441754। आपकी सूचना मिलने पर नगर निगम द्वारा सामग्री उठाने की व्यवस्था की जाएगी।
