सम्बंधित जानकारी
- ब्रिटेन से लौटे 6 लोगों में कोरोना का नया स्ट्रेन, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
- कोरोनावायरस के नए स्वरूप का पता लगाने के लिए 10 क्षेत्रीय प्रयोगशालाएं निर्धारित की गईं
- Covid 19 के टीकाकरण के लिए 4 राज्यों में होगा ड्राय रन
- कोविडशील्ड वैक्सीन की 4-5 करोड़ खुराक तैयार, सरकार की हरी झंडी का इंतजार
- SII के CEO अदार पूनावाला को उम्मीद, सरकार जल्द देगी वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी
कोरोना से जंग : इस देश में अब मास्क नहीं पहनना अपराध, 26 बड़े शहर 'हॉट स्पॉट'
जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने कहा कि देश में मास्क नहीं पहनना अब अपराध होगा। मास्क नहीं पहनने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा सकता है और उसे छह महीने तक की सजा हो सकती है। देश के 26 बड़े शहरों को संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र (हॉटस्पॉट) घोषित किया गया है।
रामाफोसा ने कहा कि हमने आज आधी रात से पहले चरण के प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से तीसरे चरण में बदलने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के कुछ प्रतिबंधों को और भी कड़ा किया जाएगा, ताकि संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को खुला रखने और कोरोना वायरस के नए स्वरूप (स्ट्रेन) से लोगों का जीवन बचाने की आवश्यकता के बीच संतुलन होना चाहिए। वायरस का नया स्वरूप, पुराने स्वरूप से भी अधिक तेजी से फैलता है और युवाओं को भी प्रभावित कर रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि हम वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई के अत्यंत खतरनाक मोड़ पर हैं। रविवार को हमारे देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 10 लाख से अधिक हो गए। दक्षिण अफ्रीका में संक्रमण के कारण करीब 27,000 लोगों की मौत हो चुकी है।
तीसरे चरण के प्रतिबंधों के तहत केवल अंतिम संस्कार को छोड़कर 15 जनवरी तक सभी प्रकार की सभाओं पर रोक होगी। अंतिम संस्कार में भी अधिकतम 50 लोग ही भाग ले सकेंगे और इस दौरान सामाजिक दूरी का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
राष्ट्रपति ने कहा कि देश के 26 बड़े शहरों को संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र (हॉटस्पॉट) घोषित किया गया है तथा वहां और कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। (भाषा)
